
राजनांदगांव। मोहारा ओवरब्रिज के नीचे ट्रक चालक को रोककर पैसे मांगने, मारपीट करने और चाकू दिखाकर जान से मारने की धमकी देने के मामले में बसंतपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों और एक विधि के विरुद्ध संघर्षरत बालक को पकड़ा है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त धारदार चाकू भी बरामद किया है।

पुलिस के अनुसार, 18 सितंबर 2026 की रात करीब 8 बजे सूचना मिली कि मोहारा ओवरब्रिज के नीचे चार युवक एक ट्रक को रोककर चालक के साथ गाली-गलौज और मारपीट कर रहे हैं तथा पैसों की मांग करते हुए चाकू दिखाकर धमकी दे रहे हैं। सूचना मिलते ही बसंतपुर पुलिस करीब पांच मिनट के भीतर मौके पर पहुंची और एक आरोपी को मौके से हिरासत में ले लिया। इस दौरान दो आरोपी और उनका नाबालिग साथी मौके से फरार हो गए। घटना के संबंध में ट्रक चालक अजीत कुमार, निवासी टाटीबंध रायपुर की रिपोर्ट पर थाना बसंतपुर में अपराध क्रमांक 441/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत जांच शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर एवं नगर पुलिस अधीक्षक वैशाली जैन के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी निरीक्षक कौशलेश देवांगन के नेतृत्व में पुलिस टीम ने फरार आरोपियों की तलाश शुरू की। पुलिस ने लगातार दबिश देकर घटना के करीब तीन घंटे के भीतर फरार दोनों आरोपियों को भी पकड़ लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में इस्तेमाल धारदार चाकू बरामद किया। इसके बाद प्रकरण में आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराएं भी जोड़ी गईं। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया, जबकि विधि के विरुद्ध संघर्षरत बालक को निर्धारित कानूनी प्रक्रिया के तहत अभिरक्षा में लिया गया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अफजल आलम (22), निवासी बैगापारा अटल आवास; दिलीप साहू (29), निवासी बाबा होटल के पीछे चिखली; और डेविड कुमार (33), निवासी बैंगापारा, राजनांदगांव के रूप में हुई है। मामले में एक विधि के विरुद्ध संघर्षरत बालक भी शामिल है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक कौशलेश देवांगन, प्रशिक्षु उप निरीक्षक राजीव चन्द्रा, हिरामणी, आरक्षक भुनेश्वर जायसी एवं आरक्षक फागूराम साहू की महत्वपूर्ण भूमिका रही।










































