
राजनांदगांव 18 सितम्बर। सेवा संकल्प अभियान के तहत राजनांदगांव शहर में आयोजित ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाले शहरवासियों,जनप्रतिनिधियो, सामाजिक संगठनों, धार्मिक संस्थाओं एवं कार्यकर्ताओं के प्रति महापौर श्री मधुसूदन यादव ने आभार व्यक्त किया है।

उन्होंने कहा कि राजनांदगांव वासियों ने उत्साह और सहभागिता के साथ दीप प्रज्वलित कर सेवा, समर्पण और संकल्प की भावना को अभिव्यक्त किया।
महापौर श्री मधुसूदन यादव ने कहा कि ऐतिहासिक शीतला मंदिर परिसर एवं रानी सागर, बूढ़ा सागर सहित शहर के विभिन्न स्थानों पर बड़ी संख्या में नागरिकों ने सहभागिता की। शहर के 51 वार्डों में एक-एक हजार दीप प्रज्वलित किए गए। इसके साथ ही प्रमुख धार्मिक स्थलों, गणेश पंडालों तथा महापुरुषों एवं शहीदों की प्रतिमाओ के स्थलो पर दीप प्रज्जवलित किये गये। इस प्रकार शहर मं लगभग 1 लाख 51 हजार दीप प्रज्वलित हुए।
महापौर ने कहा कि इतने बड़े आयोजन को सफल बनाने में नगरवासियों की सहभागिता और सहयोग महत्वपूर्ण रहा। महापौर ने आयोजन के दौरान प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग करने वाले सभी लोगों, जनप्रतिनिधियो, पार्षदों, गणमान्य नागरिको, पत्रकार बंधुओ, स्कूल के शिक्षको व विद्यार्थियों, महिला समूहों तथा प्रशासन, पुलिस प्रशासन व नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारियों, स्वयंसेवकों और आयोजन से जुड़े कार्यकर्ताओं का विशेष रूप से धन्यवाद दिया।
महापौर ने कहा कि कार्यक्रम के दौरान यदि किसी नागरिक को किसी प्रकार की परेशानी अथवा असुविधा हुई हो तो वे उसके लिए खेद व्यक्त करते हैं। उन्होंने कहा कि भविष्य में ऐसे आयोजनों को और बेहतर एवं व्यवस्थित बनाने के लिए प्राप्त सुझावों को ध्यान में रखा जाएगा।
महापौर ने कहा कि धर्मनगरी डोंगरगढ़ स्थित मां बम्लेश्वरी मंदिर परिसर सहित जिले के विभिन्न स्थानों पर भी दीप प्रज्वलन के माध्यम से सेवा, सुशासन और जनकल्याण की भावना को आगे बढ़ाया गया। उन्होंने कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए राजनांदगांव की जनता के प्रति पुनः आभार व्यक्त किया है।











































