
राजनांदगांव। गणेश उत्सव के दौरान जिले में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए राजनांदगांव पुलिस द्वारा गुंडा बदमाश, निगरानी बदमाश और अन्य असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशन में पुलिस ने विभिन्न थाना एवं चौकी क्षेत्रों में प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है।

पुलिस के अनुसार जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में धारा 170 बीएनएसएस के तहत कुल 10 प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई। इसका उद्देश्य गणेश उत्सव के दौरान शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखना तथा किसी भी अप्रिय घटना की आशंका को रोकना है।
थानावार कार्रवाई में थाना कोतवाली में 5, चौकी चिखली में 1, चौकी सुरगी में 1, थाना लालबाग में 2 तथा थाना डोंगरगढ़ में 1 कार्रवाई की गई है।
राजनांदगांव पुलिस ने बताया कि कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाले तत्वों के विरुद्ध कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। पुलिस ने नागरिकों से गणेश उत्सव को शांतिपूर्ण एवं भाईचारे के वातावरण में मनाने की अपील की है। साथ ही किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को देने का आग्रह किया है।











































