
नक्सल मुक्त भारत’ रही इस वर्ष की मुख्य थीम, पुलिस अधिकारियों एवं जवानों ने राष्ट्रीय एकता और अखंडता बनाए रखने का लिया संकल्प
राजनांदगांव। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर 31 अक्टूबर को राष्ट्रीय एकता दिवस मनाया गया। इस अवसर पर गुजरात के एकता नगर (केवड़िया) में आयोजित राष्ट्रीय एकता दिवस परेड का लाइव प्रसारण जिला पुलिस राजनांदगांव द्वारा पुलिस लाइन सहित जिले के सभी थाना एवं चौकी परिसरों में सामूहिक रूप से देखा गया।
पुलिस लाइन राजनांदगांव में आयोजित कार्यक्रम में पुलिस महानिरीक्षक राजनांदगांव रेंज अजय यादव, पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर एवं मंजुलता बाज, नगर पुलिस अधीक्षक आदित्य कुमार, उप पुलिस अधीक्षक सुमन जायसवाल, एम्ब्रोस कुजूर, के.पी. मरकाम, सत्यप्रकाश तिवारी तथा रक्षित निरीक्षक लोकेश कसेर सहित पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
इसी प्रकार पुलिस अधीक्षक कार्यालय में के.पी. मरकाम एवं कार्यालयीन स्टाफ ने लाइव प्रसारण देखा। अनुविभाग डोंगरगढ़ में एसडीओपी केशरीनंदन नायक के नेतृत्व में पुलिसकर्मियों ने कार्यक्रम में सहभागिता की। जिले के सभी थानों एवं चौकियों में भी पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने एकजुट होकर परेड का सीधा प्रसारण देखा।
‘नक्सल मुक्त भारत’ रही परेड की मुख्य थीम
इस वर्ष राष्ट्रीय एकता दिवस परेड की मुख्य थीम ‘नक्सल मुक्त भारत’ रखी गई। इसके माध्यम से नक्सलवाद के उन्मूलन, आंतरिक सुरक्षा को मजबूत बनाने और शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित भारत के निर्माण का संदेश दिया गया। कार्यक्रम के दौरान सरदार वल्लभभाई पटेल के राष्ट्र निर्माण तथा देश की एकता और अखंडता को बनाए रखने में दिए गए अतुलनीय योगदान को याद किया गया।
इस अवसर पर उपस्थित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने राष्ट्रीय एकता, अखंडता और आंतरिक सुरक्षा बनाए रखने के साथ ही नक्सलवाद के उन्मूलन के लिए पूरी निष्ठा एवं समर्पण से कार्य करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के माध्यम से पुलिस बल में अनुशासन, आपसी समन्वय, एकजुटता और कर्तव्यनिष्ठा की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया गया। जिला पुलिस राजनांदगांव ने राष्ट्रीय एकता, अखंडता एवं नक्सल मुक्त भारत के निर्माण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।










































