back to top

राजनांदगांव : दीपावली पर बाल आश्रय और वृद्धाश्रम पहुंचे पुलिस अधिकारी, बच्चों व बुजुर्गों के साथ बांटी खुशियां…

पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देश पर राजनांदगांव पुलिस ने पेश की संवेदनशीलता और सामाजिक सरोकार की मिसाल

राजनांदगांव। दीपावली का पर्व खुशियां बांटने, प्रेम और अपनत्व का संदेश देने का अवसर है। इसी भावना के साथ राजनांदगांव पुलिस के अधिकारियों ने दीपावली के पावन अवसर पर बाल आश्रय एवं वृद्धाश्रम पहुंचकर वहां निवासरत बच्चों और बुजुर्गों के साथ खुशियों के पल साझा किए। इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने सभी से आत्मीय मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना और उनके साथ समय बिताया।

पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देश पर आयोजित इस पहल के माध्यम से पुलिस अधिकारियों ने बच्चों और बुजुर्गों के बीच अपनत्व, स्नेह एवं संवेदनशीलता का संदेश दिया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों की आत्मीय उपस्थिति से आश्रय में रहने वाले बच्चों और बुजुर्गों के चेहरों पर खुशी देखने को मिली।

इस अवसर पर नगर पुलिस अधीक्षक आदित्य कुमार (आईपीएस), डीएसपी सत्यप्रकाश तिवारी, डीएसपी केके वाजपेयी, आरआई लोकेश कुमार, निरीक्षक उपेंद्र शाह एवं निरीक्षक कैलाश मरई उपस्थित रहे।

राजनांदगांव पुलिस की इस पहल ने यह संदेश दिया कि पुलिस केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखने तक सीमित नहीं है, बल्कि सामाजिक सरोकारों और मानवीय संवेदनाओं के प्रति भी अपनी जिम्मेदारी निभाती है।