
कलेक्टर जितेंद्र यादव के आदेश पर डायवर्जन लागू, ओवरब्रिज से केवल दोपहिया वाहनों को मिलेगी आवाजाही की अनुमति; वाहन चालकों के लिए वैकल्पिक मार्ग निर्धारित
राजनांदगांव। स्टेशनपारा रेलवे अंडरब्रिज निर्माण कार्य के चलते शहर की यातायात व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया गया है। रेलवे लेवल क्रॉसिंग क्रमांक 460 पर बॉक्स पुशिंग का महत्वपूर्ण कार्य जारी होने के कारण ओवरब्रिज से भारी एवं चारपहिया वाहनों की आवाजाही पर प्रतिबंध लगा दिया गया है।
कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी जितेंद्र यादव के आदेशानुसार यातायात पुलिस ने डायवर्जन लागू कर दिया है। अब ओवरब्रिज से केवल दोपहिया वाहन ही गुजर सकेंगे, जबकि चारपहिया एवं भारी वाहनों का प्रवेश आगामी आदेश तक प्रतिबंधित रहेगा।
जानकारी के अनुसार रेलवे अंडरब्रिज का निर्माण कार्य 1 नवंबर से शुरू हुआ है। इसके 30 दिसंबर 2026 तक पूरा होने की संभावना है। निर्माण अवधि के दौरान आम नागरिकों की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए यह निर्णय लिया गया है।
इन मार्गों से गुजरेंगे वाहन
यातायात पुलिस ने अलग-अलग दिशाओं से आने वाले वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए हैं।
- दुर्ग से खैरागढ़ मार्ग: टेडेसरा, सोमनी, नवागांव, कल्लूबरी और तिलई होते हुए ठेलकाडीह मार्ग से आवागमन करना होगा।
- नागपुर से खैरागढ़ (भारी वाहन): इंदामरा और सुकुलदैहान होते हुए ठेलकाडीह मार्ग का उपयोग करना होगा।
- राजनांदगांव से खैरागढ़ (छोटे चारपहिया वाहन): अंबेडकर चौक, ममता नगर, मोतीपुर अंडरब्रिज और नया ढाबा चौराहा होते हुए तिलई की ओर जाना होगा।
- खैरागढ़ से राजनांदगांव: देशमुख होटल चौक, नया ढाबा और मोतीपुर अंडरब्रिज होते हुए अंबेडकर चौक पहुंचना होगा।
अतिरिक्त समय लेकर निकलें, नियमों का करें पालन
यातायात पुलिस राजनांदगांव ने आम नागरिकों एवं वाहन चालकों से अपील की है कि असुविधा और जाम से बचने के लिए निर्धारित रूट चार्ट का पालन करें। निर्माण स्थल के आसपास अनावश्यक रूप से जाने से बचें तथा ड्यूटी पर तैनात यातायात कर्मियों के निर्देशों का सहयोग करें।
पुलिस ने विशेष रूप से लंबी दूरी की यात्रा करने वाले वाहन चालकों को अतिरिक्त समय लेकर घर से निकलने की सलाह दी है, ताकि वे निर्धारित वैकल्पिक मार्गों से सुरक्षित रूप से अपने गंतव्य तक पहुंच सकें। निर्माण कार्य के दौरान यातायात नियमों का पालन और आमजन का सहयोग व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने में महत्वपूर्ण होगा।









































