back to top

राजनांदगांव : डोंगरगढ़ रेलवे स्टेशन के बाहर श्रद्धालु से लूटपाट, 700 रुपये और बैग छीनकर फरार हुए दो युवक , एक गिरफ्तार…

मंदिर दर्शन के लिए बिलासपुर से पहुंचा था युवक, होटल के पास गाली-गलौज कर की थी छीनाझपटी, दूसरा आरोपी फरार

राजनांदगांव। मां बम्लेश्वरी के दर्शन के लिए डोंगरगढ़ पहुंचे एक युवक के साथ रेलवे स्टेशन के बाहर छीनाझपटी और मारपीट का मामला सामने आया है। दो युवकों ने होटल के पास युवक के साथ अश्लील गाली-गलौज करते हुए उसकी जेब से 700 रुपये नगद और बैग छीन लिया। मामले में डोंगरगढ़ पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि दूसरा आरोपी फरार है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी दुष्यंत जांगड़े (23 वर्ष), निवासी रिसदा, जिला बिलासपुर, 25 नवंबर 2026 को ट्रेन से डोंगरगढ़ मंदिर दर्शन करने पहुंचा था। इसी दौरान दोपहर करीब 3 बजे रेलवे स्टेशन के बाहर एक होटल के पास दो युवकों ने उसके साथ मां-बहन की अश्लील गाली-गलौज शुरू कर दी। इसके बाद दोनों ने उसके साथ छीनाझपटी करते हुए जेब में रखे 700 रुपये और बैग छीन लिया।

घटना के बाद प्रार्थी ने होटल संचालक अजय अंबाडे से आरोपियों के संबंध में पूछताछ की। इस दौरान शंकर गोसाई और आयुष मानिकपुरी के नाम सामने आए। प्रार्थी की शिकायत पर डोंगरगढ़ थाने में अपराध क्रमांक 695/2026 के तहत धारा 296, 304 एवं 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।

घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के दिशा-निर्देश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन एवं एसडीओपी डोंगरगढ़ श्री केशरी नंदन नायक के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी निरीक्षक रामेश्वर प्रसाद देशमुख ने पुलिस टीम गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू की।

पुलिस ने संदेही शंकर गोसाई (19 वर्ष), निवासी कालकापारा, डोंगरगढ़ को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने घटना में शामिल होना स्वीकार किया। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार, इस मामले में शामिल दूसरा आरोपी आयुष मानिकपुरी अभी फरार है। उसकी तलाश में पुलिस जुटी हुई है।