
राजनांदगांव 19 मार्च 2021। जिले में राजस्व के लंबित प्रकरणों के निराकरण के लिए 15 मार्च से 31 मई 2021 तक राजस्व पखवाड़ा अभियान चलाया जा रहा है। कलेक्टर श्री टोपेश्वर वर्मा अपने साप्ताहिक दौरे में ग्राम धोधा पहुंचे। वहां ग्राम पंचायत भवन में राजस्व पखवाड़ा लगाया गया था। पखवाड़े में पटवारी, सचिव द्वारा ग्रामीणों से आवेदन लेकर निराकरण की कार्रवाई की जा रही थी। कलेक्टर श्री वर्मा ने वहां पहुंचकर राजस्व प्रकरणों के आवेदनों की जानकारी ली।

उन्होंने पखवाड़े में उपस्थित सरपंच से कहा कि जिस दिन राजस्व पखवाड़ा लगेगा, उससे दो-तीन पहले इसका प्रचार-प्रसार करें, ताकि ग्रामीणों को इसकी जानकारी मिल सके। सचिव तथा कोटवार के माध्यम से मुनादी भी कराए। उन्होंने उपस्थित ग्रामीणों से पटवारी के कार्यों की जानकारी ली।
ग्रामवासियों ने पटवारी के कार्य के प्रति संतोष जाहिर किया। कलेक्टर श्री वर्मा ने अधिकारियों और पटवारी से कहा कि नामांतरण, सीमांकन, बटांकन, फौती, खाता दुरूस्तीकरण, बंदोबस्त त्रुटि सुधार, ऑनलाईन रिकार्ड दुरूस्तीकरण, नजूल पट्टों का नवीनीकरण, भू-अर्जन प्रकरण जैसे अन्य प्रकरणों का निराकरण समय में करें। इस अवसर पर एसडीएम छुईखदान श्री लवकेश धु्रव, पीडब्ल्यूडी एसडीओ छुईखदान श्री एसजी चौहान, सीईओ जनपद छुईखदान श्री प्रकाशचंद्र तारम, तहसीलदार श्री प्रफुल्ल गुप्ता, बीईओ श्री एचडी कोसरे सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।









































