राजनांदगांव: कलेक्टर ने प्रसाद योजना के तहत विभिन्न निर्माण कार्यों का किया निरीक्षण, निर्धारित समय-सीमा में निर्माण कार्य पूरा करने के दिए निर्देश…

राजनांदगांव 04 जून 2021। कलेक्टर टोपेश्वर वर्मा ने धर्म नगरी डोंगरगढ़ में प्रसाद योजना के तहत चयनित पर्यटन स्थल में निर्माण कार्यों का निरीक्षण कर प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य लगातार चलता रहे और इसे निर्धारित समय में पूरा करें।

बारिश के मौसम को ध्यान में रखते हुए कार्य में तेजी लाएं। कच्चे सामग्री को पहले से स्टोर करें जिससे बारिश में काम नहीं रूके। उन्होंने कहा कि इसके निर्माण होने से छत्तीसगढ़ टूरिज्म को बढ़ावा मिलेगा। प्राकृतिक सौंदर्य के साथ यह लोगों के आकर्षण का केन्द्र होगा।

उल्लेखनीय है कि धार्मिक पर्यटकों को विश्व स्तरीय सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्रसाद योजना के तहत धर्म नगरी डोंगरगढ़ का पर्यटन स्थल के रूप में चयन किया गया है। छत्तीसगढ़ शासन द्वारा इसके लिए 9.52 एकड़ भूमि पर्यटन मंडल को दिया गया है। जिसके अंतर्गत विभिन्न निर्माण कार्य किए किए जा रहे है। इस योजना के तहत लगभग 41 करोड़ रूपए की लागत से मोटेल ओपन, ओपन एयर थियेटर, सोलर पॉवर सिस्टम, लैंड स्कैपिंग, मेडिटेशन सेन्टर आदि का निर्माण किया जाएगा।

मां बम्लेश्वरी परिसर में लगभग 7.50 करोड़ रूपए की लागत से रेलिंग, शेडिंग, बॉयोटायलेट जैसे सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएगी और सीढिय़ों की मरम्मत कराई जाएगी। इसी तरह प्रज्ञागिरी क्षेत्र में लगभग 3 करोड़ रूपए की लागत से मेडिटेशन सेंटर, बॉयोटायलेट, लाईब्रेरी, कैंटीन, सीढिय़ों का मरम्मत कार्य एवं स्तूप निर्माण किया जाएगा। पर्यटकों के मनोरंजन की दृष्टि से प्रसाद योजना के तहत निर्माण कार्य किया जाएगा।

इस अवसर पर एसडीएम डोंगरगढ़ अविनाश भोई, सीईओ जनपद पंचायत लक्ष्मण कचलाम, मुख्य नगर पालिका अधिकारी यमन देवांगन, कार्यपालन अभियंता यदु, तहसीलदार अविनाश ठाकुर, छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल श्रीनिवास सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।