
20 राज्यों के 300 जिलों के 500 शैक्षणिक संस्थानों तक पहुंचेगा कौशल रथ
राजनांदगांव। कौशल विकास और उच्च शिक्षा के क्षेत्र में कार्यरत संस्था आईसेक्ट द्वारा 5 अक्टूबर 2026 से कौशल विकास यात्रा-2026 का शुभारंभ किया जाएगा।
कौशल रथ के माध्यम से आयोजित होने वाली यह यात्रा देश के 20 राज्यों के 300 जिलों के 500 स्कूलों, कॉलेजों एवं शैक्षणिक संस्थानों तक पहुंचेगी।
यात्रा का उद्देश्य विद्यार्थियों, युवाओं और शिक्षकों को कौशल विकास के साथ-साथ आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) जैसी नवीनतम तकनीकों से परिचित कराना है।
इस वर्ष यात्रा में AI Literacy Mission को विशेष रूप से केंद्र में रखा गया है। कौशल रथ के माध्यम से विभिन्न शहरों और ग्रामीण क्षेत्रों तक एआई, एआर/वीआर एवं भविष्य की तकनीकों से जुड़ी जानकारी, डेमो और प्रशिक्षण सामग्री पहुंचाई जाएगी।
यात्रा के दौरान निःशुल्क एआई सेमिनार, कार्यशालाएं, करियर काउंसलिंग और तकनीकी प्रदर्शन आयोजित किए जाएंगे।
विद्यार्थियों और शिक्षकों को मिलेगा प्रशिक्षण
अभियान के तहत विद्यार्थियों, शिक्षकों और स्किल नॉलेज प्रोवाइडर्स (SKPs) को एआई शिक्षा से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा। साथ ही स्कूलों एवं कॉलेजों के साथ सहयोग बढ़ाकर कौशल विकास का संस्थागत नेटवर्क मजबूत करने तथा विद्यार्थियों की भविष्य की प्रशिक्षण आवश्यकताओं की पहचान की जाएगी।
250 से अधिक रोजगारोन्मुख पाठ्यक्रमों की जानकारी
यात्रा के दौरान आईसेक्ट और एनएसडीसी की साझेदारी में संचालित 250 से अधिक डिप्लोमा एवं सर्टिफिकेट पाठ्यक्रमों की जानकारी भी दी जाएगी। इनमें कंप्यूटर एवं आईटी, फ्यूचर स्किल्स, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं हार्डवेयर, बैंकिंग-फाइनेंस, शिक्षक प्रशिक्षण, कृषि और रिटेल सहित रोजगारोन्मुख पाठ्यक्रम शामिल हैं।
यात्रा के प्रत्येक पड़ाव पर विषय विशेषज्ञ विद्यार्थियों और युवाओं को एआई के महत्व, कौशल विकास तथा रोजगार एवं करियर की संभावनाओं की जानकारी देंगे।
यात्रा के बाद विभिन्न आईसेक्ट केंद्रों पर एक सप्ताह तक निःशुल्क एआई सेमिनार और ऑन-द-स्पॉट काउंसलिंग भी आयोजित की जाएगी, जिससे यात्रा में शामिल नहीं हो पाने वाले विद्यार्थी और युवा भी इसका लाभ उठा सकेंगे।











































