
राजनांदगांव में रहने वाले छात्र आदर्श शर्मा ने नीट की परीक्षा में 720 में से 610 अंक प्राप्त कर बड़ी उपलब्धि हासिल की है. अपने अथक प्रयास और लगन की बदौलत उन्होंने ऑल इंडिया रैंक 16468 हासिल की है. वहीं जनरल केटेगरी में 7115 रैंक पर अपनी जगह बनाई है. उन्होनें 99.4 पर्सेंटाइल हासिल किया है. आदर्श ने इस मुकाम को हासिल कर चिकित्सा के क्षेत्र में जाने की तमन्ना लिए हुए अन्य छात्रों के लिए एक उदाहरण पेश किया है.
मां का सपना पूरा किया
मेडिकल फील्ड में जाने को लेकर आदर्श का कहना है कि उनकी माता मंजरी शर्मा एक डॉक्टर बनना चाहती थी, लेकिन पारिवारिक कारणों की वजह से वे डॉक्टर नहीं बन पाई. अपनी माता के सपने को पूरा करने के लिए आदर्श ने भी डॉक्टर बनने की ठानी और अपने अथक प्रयास से नीट की परीक्षा पास की. अपनी इस सफलता का श्रेय आदर्श ने अपने माता-पिता और टीचर्स को दिया. उन्होनें कहा कि वह डॉक्टर बनकर शिशु रोग विशेषज्ञ या स्त्री रोग विशेषज्ञ बनना चाहते हैं.
आदर्श के इस कारनामे से उनके परिवार और चाहने वालों में खुशी की लहर दौड़ गई है. आदर्श के घर पर उन्हें बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है. अपनी मेहनत और लगन के बदौलत आदर्श शर्मा ने राजनांदगांव जिले को गौरवान्वित किया है.









































