
राजनांदगांव गणेश विसर्जन के मौके पर गुरुवार रात को शहर में निकाली गई विसर्जन झांकियों के दौरान लगाए गए डीजे सिस्टम की लेसर – लाईट के चलते अब मोबाईल फोन में खराबी की शिकायत सामने आई है। रात में इन डीजे सिस्टम का सामने की ओर से वीडियो बनाने वाले कई लोगों के फोन का सेंसर इसके चलते खराब होने की बाते सामने आ रही है। इसको लेकर सोशल मीडिया में भी चर्चा चलती रही। हालांकि इसको लेकर किसी ने कोई शिकायत कहीं दर्ज नहीं कराई है।
उल्लेखनीय है कि विसर्जन के अलावा अन्य मौकों पर आयोजन की शान बढ़ाने के लिए डीजे सिस्टम का उपयोग अब चरम पर है। विसर्जन के मौके पर भी डीजे सिस्टम की भारी डिमांड देखी जाती है। इसके लिए समितियां लाखों रुपए तक का भुगतान भी करती है। इस वर्ष झांकी के दौरान भी शहर में करीबन तीन दर्जन डीज सिस्टम लगाए गए थे। इनमें अधिकांश में शारफी लाईट भी लगी थी. कुछ सिस्टम द्वारा लेसर लाईट लगाई गई थी। इन लाईट से ही खराबी आने की बात कही जा रही है।
महाराष्ट्र से आई थी लेसर ।
मिली जानकारी के अनुसार जिन लेसर लाईट से फोन कैमरे में खराबी आने की शिकायत सामने आई है,वह झांकी के दिन करीब चार डीजे सिस्टम के साथ लगाई गई थी। नांदगांव सहित अन्य शहर से आए इन चार डीजे सिस्टम में यह हरे रंग की लेसर लगी थी। बताया गया कि इनमें तीन सिस्टम के लिए यह लेसर लाइट खासतौर पर महाराष्ट्र से मंगाई गई थी। हालांकि फोन में खराबी आने की बात सामने आते ही डीजे संचालको द्वारा भी आगे इस तरह के लेसर इस्तेमाल नही करने की बात सामने आ रही है।









































