
आज बाबा महाकाल भक्तों के दुःख हरकर देंगें उन्हें मनोवांछित पुण्यफल
राजनांदगॉव – बाबा श्री महाकाल पालकी यात्रा एवं महाकाल सेना आयोजन समिति के संयोजक पवन डागा एवं संरक्षक नीलू शर्मा ने बताया की महाकाल मंदिर उज्जैन की तर्ज पर सावन मास के प्रति सोमवार को निकलने वाली भगवान श्री चन्द्रमौलेश्वर की सावन पालकी शोभा यात्रा को राजनांदगॉव की धर्मप्रेमी जनता का अगाध प्रेम,
अटूट आस्था एवं अभूतपूर्व प्रतिसाद प्राप्त हो रहा है। ऐसी प्राचीन धार्मिक मान्यता है की उज्जैन नगरी के राजा बाबा महाकाल स्वयं प्रभु श्री चंद्रमौलेश्वर के अपने दिव्य स्वरूप में सावन के पवित्र महीने में प्रत्येक सोमवार को अपने भक्तों एवं प्रजाजनों को दर्शन देकर उनका दुःख हरने एवं उनकी पीड़ा निवारण करके उन्हें मनवांछित आशीर्वाद देने के लिये नगर भ्रमण करते हैं।
उस समय जो भी भक्त और प्रजा सच्चे मन से बाबा का दर्शन करते है और उनकी शोभायात्रा में उपस्थित होते हैं, प्रभु उन भक्तों पर अपनी विशेष कृपादृष्टि प्रदान कर उन्हें मनोवांछित पुण्यफल प्रदान करते हैं और उनके जीवन के सारे कष्ट हर लेते हैं। अतः धर्मनगरी उज्जैन के बाबा महाकाल की इस सावन पालकी यात्रा का अति विशेष महत्व है,
और पूरें भारत देश में उज्जैन के बाद हमारी संस्कारधानी नगरी में इस तरह की सावन पालकी शोभायात्रा का आयोजन शिवभक्तों द्वारा किया जा रहा है, जो हमारे शहर एवं प्रदेश के साथ साथ सनातनी अनुयायियों के लिये भी अत्यंत गौरव एवं हर्ष का विषय है। आयोजन समिति बाबा महाकाल के भक्तों के द्वारा संस्कारधानी की जनता के कल्याणार्थ आज सावन मास के पंचम सोमवार दिनांक 07 अगस्त 2023 को संस्कारधानी राजनांदगॉव में बाबा महाकाल की पालकी यात्रा का आयोजन बड़े हर्षोल्लास के साथ भक्तिपूर्ण वातावरण मेें धर्मप्रेमी जनता के सानिध्य में किया जा रहा है।
पंचम पालकी यात्रा आज 07 अगस्त प्रातः साढ़े दस बजे सिंगदई से प्रारंभ होकर हल्दी, भोड़िया, होते हुए ग्राम सिंघोला पहुॅचेगी, जहॉ माता के प्रसिद्ध मंदिर में बाबा की सावन पालकी यात्रा विश्राम लेगी। शिवभक्तों द्वारा अपने आराध्य बाबा महाकाल जी की पालकी यात्रा प्रभु श्री चंद्रमौलेश्वर जी के स्वरूप में पूरी गरिमा एवं भव्यता के साथ निकाली जाएगी और प्रभु अपने भक्तों को आशीर्वाद देकर उनके कष्ट हरेेेंगे।
शिव भक्तों द्वारा बाबा की पालकी यात्रा का विभिन्न मार्गों पर भव्य स्वागत सत्कार एवं पूजा अर्चना भी किया जायेगा। बाबा की पालकी यात्रा के समय सुप्रसिद्ध भजन गायक सोनू शुक्ला एवं ग्रुप अपने सुमधुर आवाज में भजन गीत गाकर भक्तजनों को बाबा महाकाल के भक्ति के सागर में गोते लगाने के लिये ललायित करेंगे।
आयोजन समिति के पवन डागा एवं नीलू शर्मा ने संस्कारधानी के शिव भक्तों एवं धर्मावलम्बीजनों से बाबा श्री महाकाल जी की सावन पालकी यात्रा में सपरिवार उपस्थित रहकर पुण्य लाभ अर्जित करने की अपील की है।









































