back to top

कलेक्टर ने सरपंचों से ग्रामीण क्षेत्रों में शासन की योजनाओं के क्रियान्वयन और मूलभूत सुविधाओं के संबंध में ली प्रतिक्रिया…

कलेक्टर ने सरपंचों के साथ बैठक की
राजनांदगांव 20 अप्रैल 2026। कलेक्टर श्री जितेन्द्र यादव ने आज पटवारी प्रशिक्षण केंद्र में राजनांदगांव विकासखंड के ग्राम पंचायत सरपंचों के साथ बैठक कर शासन की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायते शासन की योजनाओं के क्रियान्वयन की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी हैं और इसमें सरपंचों की भूमिका अत्यंत अहम है। कलेक्टर ने सरपंचों से ग्रामीण क्षेत्रों में शासन की योजनाओं के क्रियान्वयन और मूलभूत सुविधाओं के संबंध में प्रतिक्रिया ली। उन्होंने नाली निर्माण, स्कूलों में अतिरिक्त कक्ष, पेयजल व्यवस्था जैसे मूलभूत कार्यों को प्राथमिकता के साथ समय-सीमा में पूर्ण के निर्देश दिए। साथ ही पंचायतों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए टैक्स कलेक्शन बढ़ाने कहा। उन्होंने पंचायतों की आय बढ़ाने के लिए सामुदायिक भवन एवं व्यावसायिक परिसरों के निर्माण जैसे आय सृजन के उपाय अपनाने कहा, जिससे किराये के माध्यम से नियमित आय प्राप्त हो सके। कलेक्टर ने प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के अंतर्गत अधिक से अधिक सोलर कनेक्शन लेने के लिए ग्रामीणों को प्रेरित करने तथा गांवों को सोलर विलेज बनाने कहा।

Advertisements


कलेक्टर ने गर्मी के मौसम में धान की जगह कम पानी उपयोग वाली दलहन-तिलहन फसल अपनाने कहा। उन्होंने बताया कि पीएम आशा योजना के अंतर्गत शासन द्वारा समर्थन मूल्य पर दलहन-तिलहन की खरीदी की जा रही है। जिससे किसानों को अच्छी आमदानी प्राप्त हो रही है। उन्होंने कुपोषण मुक्त पंचायत बनाने तथा लखपति दीदी योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश दिए। उन्होंने अविवादित बटवारा, नामांतरण प्रकरणों का शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए।  प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत स्वीकृत आवासों को समय-सीमा में पूर्ण करने कहा। कलेक्टर ने सरपंचों से उनकी पंचायतों में आने वाली समस्याओं पर भी विस्तार से चर्चा की। कलेक्टर ने कहा कि सभी सरपंच आपसी समन्वय के साथ कार्य कर विकास कार्यों में तेजी लाएं, ताकि शासन की योजनाओं का लाभ समय पर प्रत्येक हितग्राही तक पहुंच सके। इस अवसर पर सीईओ जिला पंचायत सुश्री सुरूचि सिंह सहित सभी राजनांदगांव विकासखंड के ग्राम पंचायतों के सरपंच उपस्थित थे।

Advertisements

You cannot copy content of this page