back to top

प्रधानमंत्री फसल बीमा योजनांतर्गत 14 अगस्त तक कर सकेंगे आवेदन, जिलेभर में लगाए जा रहे शिविर…

मोहला 3 अगस्त 2026। खरीफ वर्ष 2026 के लिए प्रधानमंत्री फसल6 बीमा योजना के प्रभावी क्रियान्वयन एवं अधिक से अधिक किसानों को योजना से जोड़ने के उद्देश्य से जिले की सभी ग्राम पंचायतों में कृषि विभाग एवं बजाज जनरल इंश्योरेंस कंपनी के संयुक्त तत्वावधान में विशेष शिविर आयोजित किए जा रहे हैं।

Advertisements

कृषि विभाग द्वारा सहकारी समिति स्तर पर तथा बीमा कंपनी द्वारा ग्राम स्तर पर फसल बीमा पाठशाला के माध्यम से किसानों को योजना की जानकारी दी जा रही है।


शिविरों में ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी किसानों को मौसम एवं वर्षा की अनिश्चितताओं को देखते हुए फसलों की सुरक्षा के लिए प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना का लाभ लेने के लिए प्रेरित कर रहे हैं। साथ ही ऋणी किसानों को योजना से बाहर होने (ऑप्ट-आउट) का विकल्प नहीं चुनने की सलाह भी दी जा रही है, ताकि वे प्राकृतिक आपदाओं से होने वाले नुकसान की स्थिति में आर्थिक सुरक्षा प्राप्त कर सकें।


उप संचालक कृषि श्री जे.एल. मण्डावी ने जिले के सभी किसानों से अपनी फसलों का बीमा कराने की अपील करते हुए कहा है कि किसान अपने निकटतम सहकारी समिति, लोक सेवा केंद्र, संबंधित बैंक, ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी अथवा कृषि विभाग के कार्यालय में संपर्क कर योजना का लाभ ले सकते हैं।

उन्होंने सभी सहकारी समितियों को निर्देशित किया है कि फसल बीमा के लिए आने वाले किसी भी किसान को वापस न भेजा जाए तथा निर्धारित समय-सीमा के भीतर सभी पात्र किसानों का बीमा सुनिश्चित किया जाए।


जिले में खरीफ वर्ष 2026 के लिए धान (सिंचित एवं असिंचित), कोदो, कुटकी, रागी, अरहर एवं मक्का को अधिसूचित फसलों के रूप में शामिल किया गया है। इनके लिए बीमित राशि निर्धारित की गई है। धान (सिंचित) के लिए 66 हजार रुपये प्रति हेक्टेयर, धान (असिंचित) के लिए 49 हजार 500 रुपये, मक्का के लिए 52 हजार 800 रुपये, अरहर के लिए 44 हजार रुपये, रागी के लिए 27 हजार 500 रुपये तथा कोदो एवं कुटकी के लिए 24 हजार 200 रुपये प्रति हेक्टेयर बीमित राशि तय की गई है।


प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना में आवेदन की अंतिम तिथि 14 अगस्त 2026 निर्धारित की गई है। योजना से संबंधित अधिक जानकारी अथवा शिकायत दर्ज कराने के लिए किसान हेल्पलाइन नंबर 14447 पर संपर्क कर सकते हैं। वहीं फसल क्षति की सूचना किसान बजाज जनरल इंश्योरेंस के व्हाट्सएप नंबर 70655-14447 पर नुकसान होने के 72 घंटे के भीतर उपलब्ध करा सकते हैं।

Advertisements

You cannot copy content of this page