back to top

मोहला: मानसिक प्रताड़ना से तंग आकर युवती ने दी जान,आरोपी गिरफ्तार…

मोहला। महिला को मानसिक रूप से प्रताड़ित कर आत्महत्या के लिए मजबूर करने के मामले में मोहला पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस और एससी/एसटी एक्ट के तहत सख्त कार्रवाई की है।

Advertisements


पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार थाना मोहला क्षेत्र अंतर्गत मर्ग क्रमांक 26/25 धारा 194 बीएनएसएस के तहत ग्राम छुरिया वार्ड क्रमांक 17 निवासी 23 वर्षीय शीतल नेताम की आत्महत्या के मामले की जांच की जा रही थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक वाय.पी. सिंह के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पीतांबर पटेल एवं एसडीओपी नोहर लाल मंडावी के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी संदीप टोप्पो के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की गई।


जांच के दौरान यह तथ्य सामने आया कि मोहला वार्ड क्रमांक 03 निवासी सूरज उर्फ सोनू राजपूत मृतिका को लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित करता था। मृतिका अनुसूचित जनजाति वर्ग से संबंधित थी। पुलिस जांच में यह पाया गया कि आरोपी द्वारा लगातार परेशान और उत्पीड़ित किए जाने से क्षुब्ध होकर महिला ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।


पुलिस ने मामले में थाना मोहला में अपराध क्रमांक 48/2026 के तहत धारा 108 बीएनएस एवं 3(2)(V) एससी/एसटी एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की। घटनास्थल निरीक्षण, गवाहों के बयान, परिजनों से पूछताछ और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की संलिप्तता पाए जाने पर पुलिस ने आरोपी सूरज उर्फ सोनू राजपूत को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी द्वारा अपराध स्वीकार किए जाने के बाद उसे न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।


इस कार्रवाई में निरीक्षक ईश्वर ध्रुव, उपनिरीक्षक नरेंद्र भंडारी, उपनिरीक्षक ताज खान, प्रधान आरक्षक सुनील उपाध्याय, आरक्षक ललित कुर्रे एवं आरक्षक दिनेश पंकज की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Advertisements

You cannot copy content of this page