राजनांदगांव: नौकरी दिलाने के नाम पर 2.14 लाख की ठगी, तुमड़ीबोड़ पुलिस ने दो आरोपियों को किया गिरफ्तार…

राजनांदगांव। बैंक में नौकरी दिलाने का झांसा देकर दो युवाओं से 2.14 लाख रुपये की ठगी करने वाले दो आरोपियों को तुमड़ीबोड़ पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। पुलिस ने ठगी की रकम से खरीदी गई एक कार भी जब्त की है।

पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन तथा नगर पुलिस अधीक्षक वैशाली जैन के पर्यवेक्षण में यह कार्रवाई की गई।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राहुल देशलहरे (38 वर्ष), निवासी ग्राम मचानपार तथा भागवत निषाद (57 वर्ष), निवासी अर्जुनी, थाना डोंगरगांव के रूप में हुई है।

पुलिस ने बताया कि ग्राम दिवानमेडी निवासी धनेश्वरी साहू ने शिकायत दर्ज कराई थी कि आरोपियों ने उनकी पुत्री को छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण बैंक तुमड़ीबोड़ में सहायक प्रबंधक और पुत्र को ग्रामीण बैंक दिवानभेड़ी में क्लर्क की नौकरी दिलाने का झांसा देकर नकद और ऑनलाइन माध्यम से 1.15 लाख रुपये ले लिए, लेकिन न नौकरी दिलाई और न ही पैसे लौटाए।

इसी तरह दूसरी शिकायत डुमरडीह निवासी हेमंत साहू ने दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि आरोपियों ने उनके पुत्र को भारतीय स्टेट बैंक रावनवाड़ी (डोंगरगढ़) में सहायक प्रबंधक की नौकरी दिलाने का झूठा वादा कर 99 हजार रुपये ठग लिए।

दोनों मामलों की जांच के दौरान पुलिस को इकरारनामा, बैंक स्टेटमेंट और अन्य साक्ष्यों से ठगी की पुष्टि हुई। नोटिस देने के बावजूद आरोपी जांच में सहयोग नहीं कर रहे थे और फरार हो गए थे। पुलिस ने पतासाजी कर राहुल देशलहरे को राजनांदगांव तथा भागवत निषाद को डोंगरगढ़ क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया।

जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी राहुल देशलहरे ने ठगी की रकम से टाटा इंडिका कार (क्रमांक CG 07 AL 6724) खरीदी थी, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया।

पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 248/2026 एवं 249/2026 में धारा 318(4) एवं 3(5) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जिला जेल भेज दिया गया।

इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी उप निरीक्षक धनीराम नारंगे, प्रधान आरक्षक लोकनाथ वर्मा, आरक्षक प्रमोद करियारे, चंद्रशेखर यादव, लोकेश साहू सहित तुमड़ीबोड़ पुलिस स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।