
राजनांदगांव। जिले में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बसंतपुर पुलिस ने एक शराब कोचिया को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 40 पौवा देशी शराब जब्त की है। जब्त शराब की कीमत लगभग 3,200 रुपये बताई गई है। आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के मार्गदर्शन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर एवं नगर पुलिस अधीक्षक वैशाली जैन के निर्देशन में जिलेभर में अवैध शराब, सट्टा और मादक पदार्थों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
इसी अभियान के तहत 8 जुलाई को मुखबिर से सूचना मिलने पर बसंतपुर पुलिस ने घेराबंदी कर प्रणय कुंजाम (28 वर्ष), निवासी सिंगदई, थाना बसंतपुर को अवैध रूप से अधिक मात्रा में शराब ले जाते हुए पकड़ा। तलाशी के दौरान उसके पास रखी प्लास्टिक की बोरी से 40 पौवा देशी शराब (कुल 7.200 बल्क लीटर) बरामद हुई।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 316/2026 के तहत धारा 34(2) आबकारी अधिनियम में मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया। न्यायालय में पेशी के बाद उसे न्यायिक अभिरक्षा में जिला जेल भेज दिया गया।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी आदतन अपराधी प्रवृत्ति का है और उसके खिलाफ पहले भी चोरी एवं आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज हैं।
इस कार्रवाई में सहायक उपनिरीक्षक आर. राजू, आरक्षक रूपेंद्र वर्मा, राजेश बांदेश्वर सहित थाना बसंतपुर के पुलिस स्टाफ की सराहनीय भूमिका रही।









































