back to top

राजनांदगांव: पुणे में छत्तीसगढ़ का दम दिखाएगा ट्रायथलॉन दल, आईजी-एसपी ने दी शुभकामनाएं…

राजनांदगांव। इंडियन ट्रायथलॉन फेडरेशन द्वारा 14 से 16 अगस्त 2026 तक महाराष्ट्र के पुणे स्थित श्री शिव छत्रपति स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में राष्ट्रीय ट्रायथलॉन प्रतियोगिता-2026 का आयोजन किया जा रहा है। प्रतियोगिता में सब जूनियर, जूनियर, अंडर-23 और सीनियर वर्ग के महिला एवं पुरुष खिलाड़ी हिस्सा लेंगे।

Advertisements

राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए छत्तीसगढ़ राज्य के ट्रायथलॉन दल का चयन 19 जुलाई को राजनांदगांव में आयोजित चयन प्रक्रिया के माध्यम से किया गया था। यह दल राष्ट्रीय स्तर पर छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करेगा।

खास बात यह है कि राजनांदगांव पुलिस के आरक्षक कामता प्रसाद यादव को दल का कोच बनाया गया है। वे खिलाड़ियों को प्रतियोगिता के लिए प्रशिक्षण और आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान कर रहे हैं।

10 अगस्त को पुलिस महानिरीक्षक राजनांदगांव रेंज अजय कुमार यादव एवं पुलिस अधीक्षक राजनांदगांव अंकिता शर्मा ने राष्ट्रीय प्रतियोगिता में शामिल होने जा रहे खिलाड़ियों और कोच आरक्षक कामता प्रसाद यादव से मुलाकात की। अधिकारियों ने सभी खिलाड़ियों को बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं देते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।

इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने कहा कि खेल अनुशासन, समर्पण और उत्कृष्ट प्रदर्शन का माध्यम है। उन्होंने उम्मीद जताई कि छत्तीसगढ़ का दल राष्ट्रीय प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर राज्य के साथ-साथ राजनांदगांव पुलिस का नाम भी रोशन करेगा।

राजनांदगांव पुलिस ने सभी खिलाड़ियों एवं कोच को प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य और शानदार प्रदर्शन की कामना की।

Advertisements

You cannot copy content of this page