
राजनांदगांव। थाना लालबाग क्षेत्र में मारपीट एवं हत्या के प्रयास के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 12 घंटे के भीतर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। वहीं एक आरोपी अब भी फरार है, जिसकी तलाश जारी है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त फरसा नुमा धारदार हथियार भी बरामद कर लिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार अटल आवास पेंड्री निवासी युवराज साहू ने थाना लालबाग में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 17 मई 2026 की रात करीब 8:45 बजे वह अपने पिता को छोड़कर घर के पास मोबाइल पर बात कर रहा था। इसी दौरान मोहल्ले के विजय नेताम, दीपक उर्फ टिकली नेताम और जय उर्फ जया नेताम वहां पहुंचे और गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। बीच-बचाव करने पहुंचे उसके माता-पिता के साथ भी आरोपियों ने मारपीट की।
आरोप है कि इसी दौरान विजय नेताम ने फरसा/टंगिया से युवराज के पिता गिरधारी साहू के सिर पर हमला कर दिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल को तत्काल मेडिकल कॉलेज अस्पताल पेंड्री में भर्ती कराया गया। मामले में थाना लालबाग में अपराध क्रमांक 207/2026 के तहत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन में थाना लालबाग पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी दीपक उर्फ टिकली नेताम (30 वर्ष) और विजय नेताम (24 वर्ष), दोनों निवासी अटल आवास पेंड्री को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त फरसा बरामद किया गया। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।
पुलिस ने बताया कि फरार आरोपी जय उर्फ जया नेताम की तलाश लगातार जारी है। तीनों आरोपी आदतन अपराधी बताए जा रहे हैं, जिनमें विजय नेताम और जय उर्फ जया नेताम निगरानी बदमाश एवं हिस्ट्रीशीटर हैं।










































