राजनांदगांव: सिगरेट चोरी मामले का खुलासा ,महाराष्ट्र के 3 अंतर्राज्यीय आरोपी गिरफ्तार…


राजनांदगांव। सिटी कोतवाली पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने करोड़ों के सिगरेट चोरी मामले का खुलासा करते हुए महाराष्ट्र के तीन अंतर्राज्यीय आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त एक अर्टिगा कार भी जब्त की है, जिसकी कीमत लगभग 10 लाख रुपये बताई जा रही है। मामले का एक मुख्य आरोपी अब भी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार प्रार्थी राहुल तेजवानी, निवासी सिंधी कॉलोनी लालबाग राजनांदगांव ने 1 मई 2026 को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 30 अप्रैल की रात से 1 मई की सुबह के बीच अनमोल परिसर स्थित उनके आरसीएम इंटरप्राइजेस एवं गोदाम का ताला तोड़कर अज्ञात चोर करीब 11 लाख 90 हजार रुपये कीमत की विभिन्न कंपनियों की सिगरेट चोरी कर ले गए।


मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर एवं नगर पुलिस अधीक्षकों वैशाली जैन और अलेक्जेंडर किरों के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित की गई। थाना प्रभारी मिलन सिंह और साइबर सेल प्रभारी विनय पम्मार के नेतृत्व में टीम ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू की।


जांच के दौरान पुलिस टीम जबलपुर और पुणे पहुंची, जहां से आरोपी सागर घोड़के (29 वर्ष) और कुणाल पांडुरंग जाधव (26 वर्ष), दोनों निवासी चिंचवड़ पुणे महाराष्ट्र, को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में आरोपियों ने अपने अन्य साथियों विपुल विटकर और विक्रम राजपूत के साथ मिलकर अर्टिगा कार क्रमांक MH 12 VZ 7339 से राजनांदगांव आकर चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया।


पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त अर्टिगा कार जब्त कर ली। इसके बाद पुणे से तीसरे आरोपी विपुल विटकर (21 वर्ष) को भी गिरफ्तार कर 14 मई 2026 को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। वहीं मुख्य आरोपी विक्रम सिंह राजपूत की तलाश लगातार जारी है।