राजनांदगांव: बजरंगपुर नवागांव खार में अज्ञात वृद्ध का शव मिलने से सनसनी, चिखली पुलिस जांच में जुटी…

राजनांदगांव। शहर के बजरंगपुर नवागांव वार्ड क्रमांक 01 स्थित नवागांव खार क्षेत्र में शनिवार सुबह एक अज्ञात वृद्ध का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की उम्र लगभग 55 से 60 वर्ष के बीच बताई जा रही है।

स्थानीय लोगों द्वारा शव देखे जाने के बाद इसकी सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही चिखली चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है।

पुलिस शव की शिनाख्त कराने के प्रयास में जुटी हुई है तथा आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। वहीं मृत्यु के कारणों का पता लगाने के लिए आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

घटना के बाद क्षेत्र में लोगों की भीड़ जुट गई और मामले को लेकर विभिन्न तरह की चर्चाएं होती रहीं। फिलहाल चिखली चौकी पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।