
राजनांदगांव, । नवरात्रि पर्व के दौरान राजनांदगांव पुलिस ने जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में व्यापक साइबर जागरूकता अभियान चलाया। इस अभियान के अंतर्गत पुलिस अधिकारियों और जवानों ने डोंगरगढ़ मां बम्लेश्वरी मंदिर, दुर्गा पंडालों और गरबा आयोजनों में पहुंचकर लगभग 3500 से अधिक लोगों को जागरूक किया।

इस दौरान आम नागरिकों को ऑनलाइन ठगी, फेक कॉल, ओटीपी फ्रॉड, सोशल मीडिया धोखाधड़ी और संदिग्ध लिंक से सावधान रहने की जानकारी दी गई। साथ ही लोगों को सुरक्षित इंटरनेट उपयोग और सतर्कता बरतने के उपाय भी समझाए गए।

पुलिस ने उपस्थित श्रद्धालुओं और आयोजकों को साइबर सुरक्षा संबंधी पाम्पलेट भी वितरित किए, जिनमें साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 और आवश्यक सावधानियों का उल्लेख था।

अभियान का संचालन पुलिस अधीक्षक श्री मोहित गर्ग के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ऑप्स) श्री मुकेश ठाकुर तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री राहुल देव शर्मा के मार्गदर्शन में किया गया।
राजनांदगांव पुलिस का यह प्रयास त्योहार के दौरान लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और साइबर अपराधों की रोकथाम की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।









































