
राजनांदगांव। थाना सिटी कोतवाली राजनांदगांव पुलिस ने हत्या के प्रयास के एक गंभीर मामले में बड़ी सफलता हासिल करते हुए 8 माह से फरार चल रहे तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। गिरफ्तार आरोपियों में एक नाबालिग भी शामिल है, जो विधि से संघर्षरत बालक है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 23 मई 2025 को प्रार्थिया द्वारा थाना कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी कि कुछ युवकों ने एक राय होकर उसके पति दीपेश ढीमर पर हाथ-मुक्कों एवं चाकू से हमला कर जान से मारने की नीयत से गंभीर चोटें पहुंचाई थीं। घायल को उपचार हेतु मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
प्रार्थिया की रिपोर्ट पर थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 253/25 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 109, 296, 351(2), 191(2), 191(3), 190 में प्रकरण दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई। मामले की जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक राजनांदगांव सुश्री अंकिता शर्मा (भा.पु.से.) के निर्देश पर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कीर्तन राठौर एवं नगर पुलिस अधीक्षक श्री अलेक्जेंडर किरों के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक नंदकिशोर गौतम के नेतृत्व में आरोपियों की गिरफ्तारी हेतु विशेष टीम गठित की गई।
घटना के बाद से आरोपी लगातार फरार चल रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से प्राप्त पुख्ता सूचना के आधार पर दिनांक 07 फरवरी 2026 को पुलिस टीम ने दबिश देकर
आकाश मरकाम (19 वर्ष), निवासी अटल आवास लखोली,
भैयालाल महिलांगे (19 वर्ष), निवासी बैगापारा लखोली
तथा एक विधि से संघर्षरत नाबालिग को घेराबंदी कर गिरफ्तार किया।
पूछताछ के दौरान आरोपियों द्वारा अपराध स्वीकार किए जाने पर विधिवत गिरफ्तारी कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया गया। जेल वारंट प्राप्त होने के बाद तीनों को जिला जेल राजनांदगांव भेज दिया गया।
पुलिस ने बताया कि इस प्रकरण में अन्य आरोपी अभी भी फरार हैं, जिनकी तलाश लगातार की जा रही है। शीघ्र गिरफ्तारी कर उनके विरुद्ध भी नियमानुसार कार्यवाही की जाएगी।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक नंदकिशोर गौतम, सहायक उप निरीक्षक इसराफिल खान, प्रधान आरक्षक शंभूनाथ द्विवेदी, आरक्षक राजा बारले, रामनारायण चंदेल एवं पूरन लाल वर्मा की सराहनीय भूमिका रही।









































