back to top

राजनांदगांव : होली शांतिपूर्ण संपन्न कराने में सहयोग देने वाले नागरिकों का पुलिस ने किया सम्मान…

राजनांदगांव जिले में होली का पर्व इस वर्ष शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। पुलिस प्रशासन और आम नागरिकों के बेहतर समन्वय के चलते जिलेभर में कहीं भी कोई अप्रिय घटना सामने नहीं आई।
पुलिस अधीक्षक राजनांदगांव सुश्री अंकिता शर्मा (भा.पु.से.) के निर्देशन में होली पर्व के दौरान जिलेभर में व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। त्योहार के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल लगातार गश्त पर तैनात रहा।
होली पर्व के शांतिपूर्ण आयोजन में सहयोग देने वाले नागरिकों के प्रति आभार व्यक्त करने के लिए जिले के समस्त थाना प्रभारियों द्वारा अपने-अपने थाना परिसरों में कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और सहयोगी नागरिकों को आमंत्रित कर उनका सम्मान किया गया और धन्यवाद ज्ञापित किया गया।

Advertisements


थाना प्रभारियों ने कहा कि राजनांदगांव शहर को संस्कारधानी के रूप में जाना जाता है, और यहां के नागरिकों की समझदारी, आपसी सौहार्द और पुलिस के प्रति सहयोग की भावना के कारण ही होली जैसे बड़े त्योहार को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराना संभव हो पाया है।


वहीं पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा ने जिले के समस्त नागरिकों, जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पुलिस और जनता के पारस्परिक सहयोग से ही कानून व्यवस्था मजबूत होती है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि भविष्य में भी इसी प्रकार पुलिस का सहयोग करते हुए जिले में शांति, सद्भाव और कानून व्यवस्था बनाए रखने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं।
राजनांदगांव पुलिस ने होली पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने में सहयोग देने वाले सभी नागरिकों के प्रति पुनः आभार व्यक्त किया।

Advertisements

You cannot copy content of this page