
राजनांदगांव। थाना बसंतपुर क्षेत्र के चौखडियापारा में सूने मकान में हुई चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। साइबर थाना और बसंतपुर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लाखों रुपये के सोने के आभूषण बरामद किए गए हैं।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार प्रार्थी वतन सिंह राजपूत, निवासी नंदई चौक, 4 मार्च 2026 को अपने घर में ताला लगाकर परिवार सहित मोहला गए हुए थे। इसी दौरान अज्ञात चोरों ने घर का ताला तोड़कर आलमारी में रखे सोने के आभूषण, मोबाइल और अन्य सामान पार कर दिए। मामले में थाना बसंतपुर में अपराध क्रमांक 110/26 दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन में नगर पुलिस अधीक्षक वैशाली जैन के पर्यवेक्षण में विशेष टीम गठित की गई। थाना प्रभारी एमन साहू और साइबर थाना प्रभारी विनय पम्मार के नेतृत्व में पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर सूचना के आधार पर चार आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहां उन्होंने अपराध स्वीकार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में शंकर रजक उर्फ बन्ठा (26), निखिल ढीमर उर्फ निक्कु (20), आलोक भोजपुरी (21) और सुरेश ढीमर उर्फ सुरजू (54) शामिल हैं। आरोपियों के कब्जे से 01 सोने का हार, 01 जोड़ी झुमका और 01 मंगलसूत्र सहित कुल लगभग 5.72 लाख रुपये के आभूषण बरामद किए गए हैं। साथ ही घटना में प्रयुक्त लोहे का रॉड भी जब्त किया गया है।
पुलिस ने सभी आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है। मुख्य आरोपी शंकर रजक उर्फ बन्ठा के खिलाफ पूर्व में भी मारपीट और नकबजनी के कई मामले दर्ज हैं।









































