
राजनांदगांव जिले में अपराध नियंत्रण और असामाजिक तत्वों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बसंतपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए धारदार चाकू लेकर लोगों में दहशत फैलाने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लोहे के धारदार चाकू बरामद कर उन्हें जेल भेज दिया है।पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा (भा.पु.से.) के मार्गदर्शन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कीर्तन राठौर एवं नगर पुलिस अधीक्षक श्रीमती वैशाली जैन (भा.पु.से.) के निर्देशन में जिले में लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में रात्रिकालीन ब्लैक पैंथर टीम को सूचना मिली कि कुछ लोग आम स्थानों पर धारदार हथियार लेकर लोगों को भयभीत कर रहे हैं।
सूचना पर थाना बसंतपुर पुलिस एवं ब्लैक पैंथर टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को अलग-अलग स्थानों से गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों में मो. मोक्सेद अली (35 वर्ष) निवासी संबलपुर उड़ीसा तथा मो. सुमन खान (28 वर्ष) निवासी भागलकोट कर्नाटक शामिल हैं।पुलिस ने आरोपियों के पास से लोहे के धारदार चाकू बरामद कर जप्त किए। दोनों आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 216/2026 एवं 217/2026 के तहत धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट में मामला दर्ज कर विधिवत गिरफ्तार किया गया। बाद में दोनों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से जेल वारंट मिलने पर जिला जेल राजनांदगांव भेज दिया गया।









































