राजनांदगांव: निर्माणाधीन आईटीआई बालिका छात्रावास से स्लाइडर खिड़कियां चोरी, एक आरोपी गिरफ्तार…


राजनांदगांव। थाना लालबाग पुलिस ने निर्माणाधीन आईटीआई बालिका छात्रावास पेंड्री में लगी एल्यूमिनियम स्लाइडर खिड़कियों की चोरी के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी का सामान बरामद कर लिया है, जिसकी कीमत करीब 20 हजार रुपये आंकी गई है। मामले में अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार प्रार्थी राकेश कुमार कंवर, निवासी ग्राम जंतर थाना डोंगरगढ़, शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था पेंड्री में गार्ड के पद पर कार्यरत हैं। उन्होंने 9 मई 2026 को थाना लालबाग में रिपोर्ट दर्ज कराई कि निर्माणाधीन बालिका छात्रावास भवन में लगी लगभग 60 स्लाइडर खिड़कियों में से कई खिड़कियां अज्ञात चोर चोरी कर ले गए हैं। चोरी गए सामान की अनुमानित कीमत करीब 70 हजार रुपये बताई गई।


बताया गया कि 9 मई की रात करीब 10 बजे छात्रावास परिसर के निरीक्षण के दौरान दो युवक खिड़की चोरी करते दिखाई दिए। मौके पर एक आरोपी को पकड़ लिया गया, जबकि दूसरा फरार हो गया। पकड़े गए आरोपी ने पूछताछ में अपना नाम होम बहादुर यादव उर्फ दिनेश पिता स्व. लक्ष्मीनारायण यादव, निवासी राजीव नगर बसंतपुर, राजनांदगांव बताया।


पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक बोरी में रखे एल्यूमिनियम सेक्शन एवं खिड़की के कांच बरामद किए, जिनकी कीमत लगभग 20 हजार रुपये है। पूछताछ में आरोपी ने अपने साथी के साथ मिलकर 2 मई 2026 को भी आईटीआई बालिका छात्रावास परिसर से स्लाइडर खिड़कियां चोरी करना स्वीकार किया। आरोपी ने चोरी के सामान को बेचकर रकम आपस में बांटकर खर्च करना बताया।
मामले में थाना लालबाग में अपराध क्रमांक 194/2026 धारा 305(ई), 3(5), 331(4) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा जा रहा है। पुलिस फरार आरोपी की तलाश में जुटी हुई है।
पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कीर्तन राठौर एवं नगर पुलिस अधीक्षक श्रीमती वैशाली जैन के मार्गदर्शन में की गई। कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक रमेश पटेल, सहायक उप निरीक्षक अश्वनी यदु, आरक्षक संतोष श्रीवास्तव सहित थाना लालबाग स्टाफ का विशेष योगदान रहा।