“एक महीने में सड़क नहीं बनी तो मेरे नाम का कुत्ता पाल लेना” — विधायक के बयान से मचा राजनीतिक बवाल…

राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ में चुनावी माहौल गरमाने के साथ ही नेताओं की बयानबाजी भी तेज होती जा रही है। इसी बीच राजनांदगांव जिले के कोपेडीह से बोदेला गांव पहुंचे कांग्रेस विधायक दलेश्वर साहू का एक बयान सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है।गांव में वर्षों से लंबित सड़क निर्माण को लेकर ग्रामीणों ने विधायक के सामने नाराजगी जताई। ग्रामीणों का कहना था कि चुनाव दर चुनाव सड़क निर्माण के वादे किए जाते रहे, लेकिन आज भी गांव की सड़क गड्ढों और बदहाल स्थिति से बाहर नहीं निकल सकी है।

ग्रामीणों के तीखे विरोध और नाराजगी के बीच विधायक दलेश्वर साहू ने कहा कि यदि एक महीने के भीतर सड़क नहीं बनती है, तो “मेरे नाम का कुत्ता पाल लेना।” विधायक के इस बयान के बाद मौके पर मौजूद लोग कुछ देर के लिए हैरान रह गए।बताया जा रहा है कि जिस सड़क परियोजना को विधायक ने अपना “ड्रीम प्रोजेक्ट” बताया था, वह करीब चार साल बाद भी पूरी नहीं हो सकी है। ऐसे में ग्रामीणों का आक्रोश खुलकर सामने आया।

विधायक के बयान का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। लोग इस पर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। कोई इसे जनता के प्रति जवाबदेही बता रहा है, तो कोई इसे चुनावी दबाव में दिया गया भावनात्मक बयान मान रहा है।गांव में सड़क निर्माण को लेकर अब राजनीतिक चर्चाएं भी तेज हो गई हैं। ग्रामीणों का कहना है कि उन्हें भाषण नहीं, सड़क चाहिए। फिलहाल सड़क कब तक बनती है यह आने वाला समय बताएगा, लेकिन विधायक का बयान जरूर राजनीतिक गलियारों से लेकर सोशल मीडिया तक चर्चा का विषय बन गया है।