
राजनांदगांव। भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के तत्वावधान में आयोजित “फिट इंडिया संडे ऑन सायकल रैली कार्यक्रम” के तहत रविवार 10 मई 2026 को राजनांदगांव में साइकिल रैली का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में आर्म्स फोर्स, एयर फोर्स, भूतपूर्व सैनिकों सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।रैली का आयोजन बी ब्लॉक स्थित दिग्विजय स्टेडियम परिसर, स्टेट बैंक के पास से सुबह 7:30 बजे किया गया। इस दौरान Sports Authority of India की सहभागिता भी रही।
साइकिल रैली शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए दिग्विजय स्टेडियम परिसर पहुंची, जहां कार्यक्रम का समापन किया गया। रैली के माध्यम से लोगों को नियमित व्यायाम, साइकिलिंग और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया।कार्यक्रम में मौजूद अधिकारियों और प्रतिभागियों ने कहा कि “फिट इंडिया” अभियान का उद्देश्य युवाओं और आम नागरिकों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना है। साइकिल रैली के जरिए पर्यावरण संरक्षण और फिटनेस दोनों का संदेश समाज तक पहुंचाया गया।आयोजकों ने शहरवासियों से अधिक से अधिक संख्या में जुड़कर फिट इंडिया अभियान को सफल बनाने की अपील की।










































