
घूमका। नगर पंचायत चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मी चरम पर है। इसी कड़ी में डोंगरगढ़ विधानसभा क्षेत्र की सक्रिय व लोकप्रिय विधायक हर्षिता स्वामी बघेल आज घूमका नगर पंचायत क्षेत्र के दौरे पर रहीं। चुनाव प्रचार को गति देते हुए उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशियों के पक्ष में माहौल बनाने के लिए धुआंधार जनसंपर्क किया और कार्यकर्ताओं की बैठक लेकर जीत का मंत्र दिया।
*डोर-टू-डोर जनसंपर्क: जनता का मिला भरपूर आशीर्वाद*
विधायक हर्षिता स्वामी बघेल ने आज सुबह घूमका के वार्ड क्रमांक 7 और वार्ड क्रमांक 10 में सघन डोर-टू-डोर जनसंपर्क किया। इस दौरान वे खुद घर-घर पहुंचीं और बुजुर्गों का आशीर्वाद लिया, महिलाओं से संवाद किया और युवाओं से चर्चा की। वार्डवासियों ने भी अपनी लाडली विधायक का आरती उतारकर और फूल-मालाओं के साथ गर्मजोशी से स्वागत किया।
*जनसंपर्क के दौरान विधायक ने कहा*
”घूमका नगर पंचायत का विकास हमेशा से हमारी प्राथमिकता रहा है। कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में जो विकास कार्य हुए हैं, वे आज भी धरातल पर दिख रहे हैं। हमें पूरा विश्वास है कि घूमका की जागरूक जनता विकास की इस रफ्तार को रुकने नहीं देगी और कांग्रेस पर अपना भरोसा दोबारा जताएगी।”
*वार्ड क्रमांक 9 में चुनावी बैठक:* कार्यकर्ताओं में भरा जोश
जनसंपर्क के पश्चात विधायक बघेल ने वार्ड क्रमांक 9 में स्थानीय कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों की एक महत्वपूर्ण बैठक ली। बैठक में आगामी रणनीति पर विस्तार से चर्चा हुई और बूथ स्तर को मजबूत करने पर जोर दिया गया। उन्होंने कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए कहा कि चुनाव का समय बेहद नजदीक है, इसलिए हर एक कार्यकर्ता को पूरी मुस्तैदी के साथ जनता के बीच रहना है।
”*भाजपा की ढाई साल की सरकार पूरी तरह नाकाम, हमारे काम ही हमारी ताकत”*
बैठक को संबोधित करते हुए विधायक हर्षिता स्वामी बघेल ने वर्तमान भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि आज प्रदेश की जनता भाजपा की नीतियों से त्रस्त हो चुकी है।
विकास कार्य पूरी तरह ठप: विधायक ने तंज कसते हुए कहा कि आज की भाजपा सरकार अपने ढाई साल के कार्यकाल में कोई भी नया विकास कार्य नहीं करा पाई है। जो काम कांग्रेस सरकार के समय स्वीकृत हुए थे, उन्हें भी ठंडे बस्ते में डाल दिया गया है।
*जनता के बीच लेकर जाएंगे नाकामी:* उन्होंने कार्यकर्ताओं को निर्देशित किया कि भाजपा सरकार की इस नाकामी, बढ़ते भ्रष्टाचार और जनविरोधी नीतियों को घर-घर जाकर जनता के बीच उजागर करें।
पूर्व के विकास कार्यों का हवाला: विधायक ने जोर देकर कहा कि कांग्रेस शासनकाल के दौरान क्षेत्र में सड़कों का जाल, पेयजल की उत्तम व्यवस्था, सौंदर्यीकरण और जन कल्याणकारी योजनाओं का जो लाभ जनता को मिला है, उसी रिपोर्ट कार्ड को लेकर हम जनता की अदालत में जा रहे हैं।
*जीत का दावा: घूमका में लहराएगा कांग्रेस का परचम*
विधायक ने दावा किया कि भाजपा के पास गिनाने के लिए कोई काम नहीं है, वे सिर्फ खोखले वादे कर रहे हैं। वहीं दूसरी ओर, कांग्रेस ने हमेशा धरातल पर काम किया है। घूमका की जनता विकास विरोधी ताकतों को पहचान चुकी है और इस नगर पंचायत चुनाव में कांग्रेस के पक्ष में एकतरफा मतदान कर भारी बहुमत से जीत दिलाएगी।
इस अवसर पर स्थानीय कांग्रेस नेता, वार्ड प्रत्याशी, भारी संख्या में कार्यकर्ता और बड़ी तादाद में आम नागरिक व माताएं-बहनें उपस्थित रहीं।










































