
– सुशासन तिहार की अनगिनत यादें, मिली खुशियों की सौगातें…
– समर्पित एवं प्रतिबद्ध सरकार आम जनता के हित के लिए कर रही निरंतर कार्य
– गांव से लेकर शहर तक उत्सव मनाने की चली लहर
– जिला प्रशासन द्वारा संवेदनशीलता एवं तत्परतापूर्वक समस्याओं का किया गया निराकरण
राजनांदगांव 11 जून 2026। सुशासन तिहार अनगिनत यादें एवं खुशियां देकर गया, जिसका कारगर असर राजनांदगांववासियों पर दिखाई दिया। शहर से लेकर दूरस्थ अंचलों तक समस्याओं के समाधान के लिए तत्परता दिखाई दी। गांव से लेकर शहर तक उत्सव मनाने की लहर चली। ग्रीष्म ऋतु के बावजूद भी सुशासन तिहार के प्रभाव का असर रहा और बड़ी संख्या में जनमानस शिविर में शामिल हुए। सुशासन तिहार से जनमानस की आकांक्षाओं को अभिव्यक्ति मिली है। सरकार से संवाद और समस्याओं के समाधान की इस पहल को व्यापक जनसमर्थन मिला और आम जनता की सहभागिता रही। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की सरकार द्वारा जमीनी स्तर पर लोकतंत्र को मजबूत करने तथा स्थानीय स्तर पर समस्याओं के समाधान के लिए प्रभावी प्रयास किए गए है। समर्पित एवं प्रतिबद्ध सरकार आम जनता के हित के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने जनसमस्या निवारण शिविर में जनमानस के बीच पहुंचकर उनके सुख-दुख को जाना। सुशासन तिहार में शामिल होकर समस्याओं के समाधान के लिए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। इस बीच जिले को विभिन्न तरह की सौगात मिली। जिला प्रशासन द्वारा संवेदनशीलता एवं सक्रियता से समस्याओं का निराकरण किया गया। कलेक्टर श्री जितेन्द्र यादव ने सुशासन तिहार को गति प्रदान की। वहीं शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों की सक्रिय सहभागिता रही। सुशासन तिहार अंतर्गत जिले में 59 शिविरों का आयोजन किया गया।
सुशासन तिहार में किसी को किसान किताब मिली तो किसी ने लर्निंग लाईसेंस बनवाया। किसानों को बीज एवं अन्य कृषि उपकरणों का वितरण किया गया। साथ ही वैज्ञानिक एवं आधुनिक पद्धति से खेती करने के लिए जागरूक किया गया। बड़ी संख्या में शासन की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गई एवं लाभान्वित किया गया। सुशासन तिहार अंतर्गत आयोजित जनसमस्या निवारण शिविरों में महिला एवं बाल विकास विभाग के स्टॉल में जनमानस को बच्चों को स्थानीय स्तर पर उपलब्ध पौष्टिक आहार देने के लिए प्रेरित किया गया। लोगों में अपनी समस्याओं के समाधान के प्रति जागृति रही। दूरस्थ अंचलों तक शासन की योजनाओं के क्रियान्वयन के लिए सरकार की प्रतिबद्धता व्यक्त हुई। जनशिकायतों के समयबद्ध एवं प्रभावी निराकरण किए गए। नामांतरण, बटवारा, सीमांकन के प्रकरणों का त्वरित निराकरण किया गया। वही मनरेगा के लंबित मजदूरी भुगतान, आय, जाति, निवास, बिजली, हैण्डपम्प सुधार, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, राशन कार्ड, आयुष्मान कार्ड, सामाजिक सुरक्षा पेंशन से जनमानस लाभान्वित हुए।
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय एवं विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह सुशासन तिहार अंतर्गत नगर पालिक निगम राजनांदगांव के मोतीपुर स्कूल में आयोजित जनसमस्या निवारण शिविर में शामिल हुए। शिविर के दौरान राजनांदगांव और आसपास के क्षेत्रों के लिए कई महत्वपूर्ण अधोसंरचना एवं सुविधाओं की घोषणा की गई। इसमें प्रमुख रूप से राजनांदगांव-खैरागढ़ राजमार्ग (गठुला होते हुए) के लिए 200 करोड़ रूपए की लागत से नवीन बाईपास का निर्माण। इसके साथ ही टेड़ेसरा-घुमका-बाकल मार्ग (35 किमी) के चौड़ीकरण हेतु 75 करोड़ रूपए और धनगांव-इंदामरा-बांकल मार्ग हेतु 30 करोड़ रुपए, वार्ड क्रमांक 1, 2, 3, 8 में विकास कार्यों के लिए प्रत्येक वार्ड को 25-25 लाख रूपए, डोंगरगढ़ में माँ बम्लेश्वरी मंदिर के पास 15 कमरों का सर्किट हाऊस और जनपद पंचायत राजनांदगांव के नए भवन हेतु 1 करोड़ रूपए, हॉकी प्रशिक्षण के लिए नए खेल मैदान की घोषणा और जिले की महिला स्व-सहायता समूहों को पुन: रेडी टू ईट निर्माण की जिम्मेदारी की घोषणा की गई।
विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने सुशासन तिहार 2026 अंतर्गत राजनांदगांव विकासखंड के ग्राम मुड़पार में आयोजित जनसमस्या निवारण शिविर में 4 करोड़ 50 लाख 59 हजार रूपए के 115 विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण किया। उन्होंने ग्राम मुड़पार से खरखरा नदी तक 2 किलोमीटर सड़क निर्माण की घोषणा की। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह राजनांदगांव विकासखंड के ग्राम पंचायत खुटेरी जनसमस्या निवारण शिविर में सीसी रोड निर्माण के लिए 15 लाख रूपए तथा शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला में मैदान समतलीकरण के लिए 5 लाख रूपए की स्वीकृति की घोषणा की। सिंचाई विभाग द्वारा चांदो नहर शिवनाथ डायवर्सन लाइनिंग कार्य 114 करोड़ 63 लाख रूपए की लागत से किया जा रहा है,
जिससे 34 ग्राम पंचायतों को लाभ मिलेगा, जिनमें 20 पंचायते राजनांदगांव विधानसभा क्षेत्र की हैं। मोखला-जंगलेश्वर एनीकट निर्माण के लिए 4 करोड़ 69 लाख रूपए की स्वीकृति दी गई है, जिससे कटाव रोकने एवं जल संरक्षण में मदद मिलेगी। सोमनी से खुटेरी तक 68 करोड़ रूपए की लागत से सर्विस लेन निर्माण कार्य भी शीघ्र प्रारंभ किया जाएगा। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने 6 करोड़ 42 लाख 70 हजार रूपए की लागत से जिला चिकित्सालय के प्लिंथ अपग्रेडेशन एवं उन्नयन कार्य का लोकार्पण तथा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय का शिलान्यास किया।
विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह राजनांदगांव विकासखंड के ग्राम डिलापहरी में आयोजित जनसमस्या निवारण शिविर में 3 करोड़ 77 लाख 36 हजार रूपए की लागत के 89 विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण किया। ग्राम डिलापहरी में उप स्वास्थ्य केन्द्र निर्माण तथा डीएमएफ मद से विभिन्न स्कूलों में शौचालय निर्माण के लिए 1 करोड़ 50 लाख रूपए की घोषणा की। ग्राम डिलापहरी क्षेत्र में 63 केवी क्षमता के ट्रांसफार्मर को बढ़ाकर 100 केवी करने की घोषणा की। जिससे वोल्टेज की समस्या दूर होगी और बिजली आपूर्ति में सुधार आएगा। शिविर में 242.77 करोड़ रूपए की लागत से लमती फीडर लघु जलाशय एवं नहर परियोजना स्वीकृत की गई। इस परियोजना से 36 ग्रामों में 1840 हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई सुविधा उपलब्ध होगी।
जिसमें राजनांदगांव विधानसभा क्षेत्र के 10 ग्राम सुकुलदैहान, बम्हनी, धनगांव, गातापार, डिलापहरी, धर्मापुर, ढाबा, बागतराई, लिटिया सहित अन्य गांव लाभान्वित होंगे। परियोजना का कार्य प्रगति पर है तथा अगले वर्ष तक किसानों को सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग 13 पंचायतों के 21 गांवों में मोंगरा मल्टी विलेज योजना के माध्यम से पेयजल उपलब्ध कराने का कार्य प्रगति पर है और अगले ग्रीष्मकाल तक ग्रामीणों को इसका लाभ मिल जाएगा। सुशासन तिहार अंतर्गत शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ मिलने तथा आवेदनों का निराकरण होने से जनमानस में शासन-प्रशासन के प्रति विश्वास देखने को मिला।










































