
भिलाई। रैम्बो इंटरनेशनल ट्रेडिंग कंपनी में निवेश के नाम पर 19 लाख रुपये लेकर धोखाधड़ी करने वाली एक महिला को उतई पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने 28 माह में निवेश की राशि चार गुना एवं प्रतिमाह 10 से 12 प्रतिशत ट्रेडिंग रिटर्न देने का झूठा प्रलोभन देकर निवेश कराया था। जांच के दौरान आरोपिया के विभिन्न बैंक खातों में लाखों रुपये के संदिग्ध एवं अनाधिकृत वित्तीय लेन-देन पाए गए।
मिली जानकारी अनुसार प्रार्थी दीपक कुमार अहिरवार, निवासी ग्राम जोरातराई द्वारा थाना उतई में रिपोर्ट दर्ज कराया कि तृप्ती साहू द्वारा अपने परिचित के घर उतई में रैम्बो इंटरनेशनल ट्रेडिंग कंपनी में निवेश करने पर 28 माह में राशि चार गुना होने तथा प्रतिमाह 10 से 12 प्रतिशत ट्रेडिंग रिटर्न मिलने का झूठा आश्वासन देकर कुल 19 लाख रुपये निवेश कराए गए।
निर्धारितसमय बीत जाने के बाद भी राशि वापस नहीं कर धोखाधड़ी की गई है। प्रकरण की जांच उपरांत में धारा 420, 34 भारतीय न्याय संहिता के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। विवेचना के दौरान आरोपिया तृप्ति साहू (33 वर्ष) निवासी अशोगा थाना रानी तराई के एसबीआई, यस बैंक, केनरा बैंक एवं एचडीएफसी बैंक शाखा भिलाई के बैंक खातों एवं ट्रांजेक्शन स्टेटमेंट का परीक्षण किया गया, जिसमें लाखों रुपये के संदिग्ध एवं अनाधिकृत लेन-देन पाए गए।
पुलिस ने आज आरोपिया तृप्ती साहू को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में आरोपिया ने निवेशकों से प्राप्त राशि का स्वयं उपयोग करने तथा अन्य साथियों को आर्थिक लाभ पहुंचाने की बात स्वीकार की। आरोपी महिला को माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर केंद्रीय जेल दुर्ग भेजा गया।









































