विश्व जनसंख्या दिवस पखवाड़ा : छात्राओं ने चित्रकला के माध्यम से दिया जनसंख्या स्थिरीकरण का संदेश…

 मोहला 21 जुलाई 2026। विश्व जनसंख्या दिवस एवं जनसंख्या स्थिरीकरण पखवाड़ा 11 से 18 जुलाई 2026 के समापन अवसर पर गत दिवस शनिवार, 18 जुलाई को शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, मोहला में चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।  

      प्रतियोगिता का उद्देश्य छात्राओं में जनसंख्या स्थिरीकरण, परिवार कल्याण एवं स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता बढ़ाना था।

      मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. विजय खोबरागड़े तथा जिला कार्यक्रम प्रबंधक डॉ. राकेश वर्मा के निर्देशानुसार आयोजित इस प्रतियोगिता में विद्यालय की बड़ी संख्या में छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

 प्रतिभागियों ने चित्रों के माध्यम से छोटे परिवार, मातृ-शिशु स्वास्थ्य, परिवार नियोजन तथा जनसंख्या नियंत्रण जैसे विषयों पर प्रभावशाली संदेश प्रस्तुत किए।

      कार्यक्रम का संचालन डॉ. सीमा ठाकुर, खंड चिकित्सा अधिकारी एवं नोडल अधिकारी (आरसीएच) तथा श्री मनोज बिस्वास, जिला सलाहकार (आरएमएनसीएच+ए) के नेतृत्व में किया गया। 

प्रतियोगिता के समापन पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया तथा सभी प्रतिभागियों की सराहना करते हुए जनस्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण से जुड़े संदेशों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया गया।