राजनांदगांव: बसंतपुर पुलिस का सटोरियों और असामाजिक तत्वों पर शिकंजा, सट्टा लिखते युवक गिरफ्तार…

राजनांदगांव। जिले में अपराधों और असामाजिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बसंतपुर पुलिस ने सट्टा कारोबार और शांति भंग करने वालों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की है। पुलिस ने सट्टा लिखते हुए एक युवक को रंगे हाथ गिरफ्तार किया, जबकि मोहल्ले में हुड़दंग मचाने वाले दो व्यक्तियों के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई।

पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के मार्गदर्शन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कीर्तन राठौर तथा नगर पुलिस अधीक्षक श्रीमती वैशाली जैन के निर्देशन में थाना प्रभारी निरीक्षक कौशलेश देवांगन के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।

मुखबिर से सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए रविन्द्र साहू उर्फ जड्डू (24 वर्ष) निवासी बंगाली चाल, वार्ड क्रमांक-43, राजनांदगांव को मोबाइल के माध्यम से सट्टा लिखते हुए पकड़ लिया। तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से ₹1,300 नकद, सट्टा पट्टी, डॉट पेन और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया।

आरोपी के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम, 2022 की धारा 6 एवं 7 के तहत अपराध दर्ज कर गिरफ्तार किया गया और न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।

इसके अलावा थाना बसंतपुर क्षेत्र में सार्वजनिक शांति भंग कर मोहल्ले में हुड़दंग करने वाले अब्दुल शाहरूख (31 वर्ष) निवासी स्टेशनपारा तथा पियुष साहू (19 वर्ष) निवासी क्लब चौक के विरुद्ध भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 170, 126 एवं 135(3) के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए इस्तगासा तैयार कर एसडीएम न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में सटोरियों, असामाजिक तत्वों और अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक कौशलेश देवांगन, सहायक उपनिरीक्षक मनमोहन साहू, प्रधान आरक्षक महेंद्र साहू, दीपक जायसवाल, महिला प्रधान आरक्षक सीमा जैन, आरक्षक अतहर अली, कुश बघेल सहित थाना बसंतपुर के पुलिस स्टाफ की सराहनीय भूमिका रही।