राजनांदगांव : राजनांदगांव पुलिस होगी और हाईटेक, दक्ष कार्यक्रम के तहत NATGRID की दी गई ट्रेनिंग…

राजनांदगांव। आधुनिक तकनीक के जरिए अपराध नियंत्रण और जांच को और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से राजनांदगांव पुलिस ने दक्ष प्रशिक्षण कार्यक्रम (Daksh Training Program) के तहत NATGRID (नेशनल इंटेलिजेंस ग्रिड) पर विशेष प्रशिक्षण आयोजित किया। यह प्रशिक्षण पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।


प्रशिक्षण में जिले के सभी थानों से नवपदस्थ पुलिस उप निरीक्षक (PSI), तकनीकी ज्ञान रखने वाले प्रधान आरक्षक (हेड कांस्टेबल) तथा सहायक उप निरीक्षक (ASI) शामिल हुए। इस दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों को NATGRID के प्रभावी एवं सुचारु उपयोग की विस्तृत जानकारी दी गई।
प्रशिक्षकों ने बताया कि NATGRID एक आधुनिक तकनीकी प्लेटफॉर्म है, जो विभिन्न सरकारी और सुरक्षा एजेंसियों के डाटाबेस को एकीकृत कर संदिग्ध व्यक्तियों और आपराधिक गतिविधियों से जुड़ी सूचनाओं का त्वरित विश्लेषण करने में मदद करता है। इसके माध्यम से अपराधियों की लोकेशन, यात्रा विवरण और अन्य महत्वपूर्ण जानकारियां तेजी से प्राप्त की जा सकती हैं। साथ ही विभिन्न एजेंसियों के बीच रियल-टाइम सूचना साझा होने से जांच की गति और गुणवत्ता में भी सुधार होता है।


राजनांदगांव पुलिस का कहना है कि इस तरह के प्रशिक्षण कार्यक्रमों से पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की तकनीकी दक्षता बढ़ेगी तथा आधुनिक तकनीक आधारित पुलिसिंग को और मजबूती मिलेगी। भविष्य में भी नई तकनीकों और डिजिटल संसाधनों के उपयोग को लेकर नियमित प्रशिक्षण आयोजित किए जाएंगे, ताकि अपराधियों की प्रभावी धरपकड़ और बेहतर जांच सुनिश्चित की जा सके।