
राजनांदगांव। थाना लालबाग क्षेत्र के पेंड्री बस्ती में मारपीट, रकम लूटने, गाली-गलौज, जान से मारने की धमकी और घर में घुसकर तोड़फोड़ करने के मामले में लालबाग पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त स्टील का चाकू और डंडा भी जब्त किया है। मामले में एक अन्य आरोपी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।

पुलिस के अनुसार, 25 अगस्त 2026 को प्रार्थी सब्जी लेने बाजार जा रहा था। शाम करीब 5 बजे पवन आटा चक्की के पास पेंड्री बस्ती में आरोपियों ने उससे शराब पीने के लिए पैसे मांगे। पैसे देने से इनकार करने पर आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और चाकू व डंडे से उसके साथ मारपीट की। आरोपियों ने प्रार्थी की जेब से 250 रुपये जबरन छीन लिए तथा उसके मोबाइल फोन को भी क्षतिग्रस्त कर दिया।
आरोपियों पर यहीं नहीं रुके और प्रार्थी के घर में घुसकर होम थिएटर सहित अन्य सामान में तोड़फोड़ करने का भी आरोप है। प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना लालबाग में अपराध क्रमांक 362/2026 के तहत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। विवेचना के दौरान प्रकरण में धारा 333 बीएनएस भी जोड़ी गई।
पुलिस अधीक्षक राजनांदगांव सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कीर्तन राठौर और नगर पुलिस अधीक्षक श्रीमती वैशाली जैन के मार्गदर्शन में लालबाग पुलिस ने आरोपियों की पतासाजी शुरू की। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर पुलिस ने पिंकू उर्फ फटीक लहरे (26 वर्ष) और हिरेंद्र लहरे (27 वर्ष), दोनों निवासी पेंड्री बस्ती, थाना लालबाग, को 26 अगस्त को गिरफ्तार किया।
पुलिस ने आरोपी पिंकू लहरे के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक स्टील का चाकू तथा हिरेंद्र लहरे से एक डंडा जब्त किया। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में से एक आरोपी आदतन हिस्ट्रीशीटर है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।
मामले का एक अन्य आरोपी सोमू लहरे फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम द्वारा लगातार पतासाजी और संभावित ठिकानों पर दबिश की कार्रवाई की जा रही है। थाना लालबाग पुलिस ने अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए आगे भी प्रभावी कार्रवाई जारी रखने की बात कही है।











































