
गरियाबंद। नेशनल हाईवे 130 सी पर राजापड़ाव मोड़ के पास गुरुवार सुबह बड़ा सड़क हादसा हो गया। हादसे में गरियाबंद जिला पंचायत अध्यक्ष गौरी शंकर कश्यप बाल-बाल बच गए।

जानकारी के अनुसार कश्यप अपने वाहन से राजधानी की ओर जा रहे थे। इसी दौरान उनकी इनोवा कार की सामने से आ रहे मालवाहक पिकअप वाहन से जोरदार टक्कर हो गई।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि इनोवा कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हालांकि, जिला पंचायत अध्यक्ष गौरी शंकर कश्यप को गंभीर चोट नहीं आई और वे सुरक्षित बताए जा रहे हैं।

बताया जा रहा है कि हादसा राजापड़ाव मोड़ के पास उस स्थान पर हुआ, जो जुगाड़ और मैनपुर थाना क्षेत्र के बीच आता है। स्थानीय लोगों के अनुसार सड़क सिंगल लेन होने के कारण दोनों वाहनों के आमने-सामने आने से यह दुर्घटना हुई।
गौरतलब है कि इसी स्थान के आसपास करीब एक माह पहले भी एक गंभीर सड़क हादसा हुआ था, जिसमें देवभोग रेंजर की मौत हो गई थी। लगातार हो रही दुर्घटनाओं के कारण इस मार्ग की सड़क व्यवस्था और सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। घटना की विस्तृत जानकारी पुलिस जांच के बाद सामने आएगी।











































