
राजनांदगांव। गणेश उत्सव के दौरान शहर में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए चिखली पुलिस द्वारा लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में गणेश पंडाल में आने-जाने वाले लोगों से विवाद कर अशांति फैलाने वाले दो बदमाशों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई है।

पुलिस के अनुसार, 18 सितंबर 2026 को पुलिस को सूचना मिली कि उपेश उर्फ मोंटा उके (32 वर्ष), निवासी रामनगर वार्ड नंबर 8 और निलेश गजभिये (34 वर्ष), निवासी शंकरपुर उलट चौक, गणेश पंडाल में आने-जाने वाले लोगों से वाद-विवाद कर रहे हैं। दोनों के व्यवहार से शांति भंग होने तथा अप्रिय घटना की आशंका को देखते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की।
चिखली पुलिस ने दोनों के खिलाफ पृथक-पृथक धारा 170, 126 एवं 135(3) बीएनएसएस के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय राजनांदगांव के समक्ष पेश किया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गणेश उत्सव के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए संवेदनशील स्थानों पर निगरानी रखी जा रही है तथा विवाद या अशांति की स्थिति निर्मित करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन एवं नगर पुलिस अधीक्षक वैशाली जैन के पर्यवेक्षण में की गई। कार्रवाई में चौकी प्रभारी उप निरीक्षक कैलाश चन्द्र मरई, सहायक उप निरीक्षक शत्रुहन टंडन, प्रधान आरक्षक अरुण नेताम, आरक्षक सुनील बैरागी, गोपाल पैकरा, आदित्य सोलंकी, चन्द्रकपुर आयाम सहित चौकी चिखली के स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।










































