
राजनांदगांव। शासकीय मेडिकल कॉलेज सह जिला अस्पताल राजनांदगांव में डॉक्टरों की टीम ने एक महिला का सफल प्रसव कराया, जिसमें महिला ने एक साथ तीन बच्चों को जन्म दिया। प्रसव के बाद जच्चा और तीनों नवजात बच्चों की हालत स्वस्थ बताई जा रही है।
मिली जानकारी के अनुसार कोहका, राजनांदगांव निवासी मोनिका साहू (26 वर्ष), पति मुकुंद साहू को प्रसव के लिए मेडिकल कॉलेज सह जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। चिकित्सकों की देखरेख में महिला का सफल प्रसव कराया गया, जिसमें उसने तीन बच्चों को जन्म दिया।
बताया गया कि मोनिका साहू के पहले से दो बच्चे हैं, जिनमें एक बेटा और एक बेटी शामिल हैं। इस प्रसव के बाद उनके परिवार में अब कुल पांच बच्चे हो गए हैं। एक साथ तीन बच्चों के जन्म की जानकारी मिलने पर अस्पताल में परिजनों और लोगों में खुशी का माहौल रहा।











































