back to top

राजनांदगांव : ग्रीन फार्म हाउस में एसी समेत सामान चोरी, दो आरोपी गिरफ्तार…

राजनांदगांव। सोमनी थाना क्षेत्र के ग्राम देवादा स्थित शेड्स ऑफ ग्रीन फार्म हाउस में हुई चोरी के मामले में पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए एसी बरामद किए हैं। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार, 20 अगस्त की रात 11 बजे से 21 अगस्त की सुबह 7.30 बजे के बीच अज्ञात चोरों ने फार्म हाउस के मुख्य गेट का ताला तोड़कर 10 एसी आउटडोर यूनिट, 3 सबमर्सिबल पंप, एक वाटर पंप, एचपी व एचटीपी पंप, सीसीटीवी कैमरे तथा ब्लूटूथ साउंड बॉक्स समेत अन्य सामान चोरी कर लिया था। शिकायत पर थाना सोमनी में अपराध क्रमांक 164/2026 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।

जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, घटनास्थल से मिली जानकारी और मुखबिर सूचना के आधार पर पूर्व में विजय सोनवानी और नागेश्वर प्रसाद साहू को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा था।

इसी मामले में लंबे समय से फरार चल रहे काली कुमार झा (28), निवासी दुर्ग और विक्की नेताम (27), निवासी ग्राम धीरी, सोमनी की तलाश की जा रही थी। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी किए गए एसी बरामद किए। आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन तथा नगर पुलिस अधीक्षक केपी मरकाम के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी निरीक्षक एमन साहू के नेतृत्व में की गई। कार्रवाई में उपनिरीक्षक बलदाऊ चंद्राकर सहित पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

सोमनी पुलिस ने नागरिकों से अपने घर, प्रतिष्ठान और फार्म हाउस की सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरे चालू हालत में रखने और आवश्यक सुरक्षा सावधानियां बरतने की अपील की है।

Advertisements

You cannot copy content of this page