
बीयर पिलाने के बहाने युवक को सुनसान जगह ले गए, खुद को साइबर पुलिस बताकर रची साजिश; एक आरोपी गिरफ्तार
राजनांदगांव। बसंतपुर थाना क्षेत्र में एक युवक को गांजा के झूठे मामले में फंसाने की धमकी देकर पांच लाख रुपए की फिरौती मांगने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन भी जब्त किया है। मामले में शामिल अन्य तीन आरोपियों की तलाश की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, प्रार्थी ने थाना बसंतपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई कि घटना वाले दिन शाम करीब 6.30 बजे विक्की पवार ने फोन कर उसे दो बीयर लेकर भदौरिया चौक आने के लिए कहा। प्रार्थी वहां पहुंचा तो विक्की पवार अपने साथी नवीन साहू के साथ कार में आया और उसे अपने साथ बैठा लिया।
आरोप है कि इसके बाद प्रार्थी को अमोरा तालाब से श्मशान घाट के पास एक सुनसान स्थान पर ले जाया गया। वहां कुछ देर बाद विक्की पवार यह कहकर चला गया कि वह वापस आ रहा है। इसके बाद दो युवक वहां पहुंचे और खुद को साइबर पुलिसकर्मी बताते हुए कार की तलाशी लेने लगे। आरोपियों ने कार से कथित तौर पर 20 किलो गांजा मिलने की झूठी बात कही और प्रार्थी को गांजा के मामले में फंसाने की धमकी देकर 5 लाख रुपए की मांग की।
डर के कारण प्रार्थी ने अपने परिजनों को फोन कर 2.50 लाख रुपए लेकर आने के लिए कहा। इसी बीच दोनों युवक वहां से चले गए। बाद में परिजन मौके पर पहुंचे और प्रार्थी को लेकर थाना बसंतपुर पहुंचे, जहां शिकायत दर्ज कराई गई।
पुलिस ने मामले में अपराध क्रमांक 482/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं एवं किशोर न्याय अधिनियम की संबंधित धाराओं में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। तकनीकी एवं अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी नवीन साहू (27), निवासी सृष्टि कॉलोनी, अटल आवास, बसंतपुर को हिरासत में लिया।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने विक्की पवार के कहने पर घटना में शामिल होना स्वीकार किया। उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन बरामद कर जब्त किया गया। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
पुलिस के मुताबिक, मामले में शामिल तीन अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस टीम संभावित ठिकानों पर दबिश देकर उनकी पतासाजी कर रही है।
कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर एवं नगर पुलिस अधीक्षक वैशाली जैन के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक कौशलेश देवांगन के नेतृत्व में की गई। कार्रवाई में उपनिरीक्षक नरेश सार्वा सहित पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।











































