
राजनांदगांव 19 मार्च 2021। प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (एबी-पीएमजेएवाई) एवं डॉ. खूबचंद बघेल स्वास्थ्य सहायता (डीकेबीएसएसवाय) योजना के तहत जिले के सभी कॉमन सर्विस सेन्टर (सीएससी) में आयुष्मान ई-कार्ड सभी पात्र हितग्राहियों का बनाया जा रहा है। कलेक्टर श्री टोपेश्वर वर्मा ने विकासखंड छुईखदान के ग्राम उदयपुर में लोक सेवा केन्द्र में बनाए जा रहे आयुष्मान ई-कार्ड का आकस्मिक निरीक्षण किया।

कलेक्टर श्री वर्मा ने केन्द्र में हितग्रहियों के आयुष्मान ई-कार्ड के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि निर्धारित समय में सभी पात्र हितग्राहियों का आयुष्मान ई-कार्ड बनाए। प्रतिदिन लक्ष्य के अनुरूप कार्य में तेजी लाए। उन्होंने कम्प्यूटर में हितग्राहियों की एन्ट्री की जांच की। सीएससी सेन्टर के ऑपरेटर ने बताया कि ग्राम में 2 हजार आयुष्मान ई-कार्ड बनाने का लक्ष्य है। इसमें अभी तक 1400 ई-कार्ड बनाए गए हैं।
उन्होंने बताया कि आयुष्मान ई-कार्ड का सर्वर शाम को तेजी से चलता है। कलेक्टर ने कहा कि इंटरनेट कनेक्शन और सर्वर को ध्यान में रखते हुए उस समय में ई-कार्ड अधिक बनाए, इसमें लोगों को परेशानी नहीं होनी चाहिए। आयुष्मान ई-कार्ड बनाने आए हितग्राहियों से चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि यह पूर्णत: नि:शुल्क बनाया जा रहा है।
इसके लिए अन्य लोगों को भी जानकारी दे और सभी आयुष्मान ई-कार्ड बनवाकर योजना का लाभ ले। इस अवसर पर एसडीएम छुईखदान श्री लवकेश धु्रव, पीडब्ल्यूडी एसडीओ छुईखदान श्री एसजी चौहान, सीईओ जनपद छुईखदान श्री प्रकाशचंद्र तारम, तहसीलदार श्री प्रफुल्ल गुप्ता, बीईओ श्री एचडी कोसरे सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।









































