
राजनांदगांव, । मेहनत-मजदूरी कर अपने घर की ओर लौट रहे तीन हमाल सड़क पर गाय आ जाने से बाइक सहित सड़क पर जा गिरे। हादसे में चालक की मौत हो गयी। दो अन्य सवार भी घायल हुए, जिनमें से एक की हालत गंभीर है।
ठेलकाडीह थाना क्षेत्र के अंतर्गत रविवार की रात लगभग 10 बजे तीन हमाल एक बाइक में सवार होकर घर लौट रहे थे। वे सहसपुर दल्ली मोड़ के पास पहुंचे थे तभी एक गाय सामने आ गयी ।तेज रफ्तार में चल रही बाइक क्रमांक सीजी 08 ए टी 9082 सड़क पर फिसल गयी। तीनों सवारों को हादसे में चोट आने से 108 के द्वारा खैरागढ़ ले जाया गया।
अस्पताल पहुंचते ही डाक्टर ने किशोर जांगड़े पिता संतुराम (30) निवासी यूदरी नवागांव को मृत घोषित कर दिया घायल कोमल सायतोड़े को गंभीर अवस्था में मेडिकल कॉलेज हास्पिटल रेफर कर दिया गया। एक अन्य घायल दीनू यादव को खैरागढ़ अस्पताल में प्राथमिक उपचार देकर घर भेज दिया गया। पुलिस ने भादंवि की धारा 279, 337, 304 (ए) का अपराध पंजीबद्ध कर जांच में लिया है।









































