back to top

छत्तीसगढ़ में बड़े प्रशासनिक फेरबदल, कई IAS अधिकारियों के तबादले…

नवा रायपुर, 18 अगस्त 2026। छत्तीसगढ़ शासन के सामान्य प्रशासन विभाग ने मंगलवार को भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) के अधिकारियों के पदस्थापना एवं अतिरिक्त प्रभार से संबंधित आदेश जारी किया है। आदेश के अनुसार प्रदेश में कई वरिष्ठ अधिकारियों की नई जिम्मेदारियां तय की गई हैं।

Advertisements

आदेश के तहत सोनमणि बोरा (IAS) को अस्थायी रूप से आगामी आदेश तक नगरीय शासन एवं विकास विभाग के प्रमुख सचिव के पद पर पदस्थ करते हुए विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।

वहीं आर. शंगीता (IAS) को सचिव, मंत्रालय के पद पर पदस्थ किया गया है। भुवनेश यादव (IAS) को उनके वर्तमान दायित्वों के साथ आदिम जाति विकास, अनुसूचित जाति विकास, पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक विकास विभाग का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।

इसी क्रम में नीलेशकुमार महादेव क्षीरसागर (IAS) को कांकेर कलेक्टर पद से संचालक, नगरीय शासन एवं विकास के पद पर पदस्थ किया गया है। भोसकर विलास संदिपान (IAS) को उनके वर्तमान दायित्वों के साथ नागरिक आपूर्ति निगम के प्रबंध संचालक का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।

आदेश में रिमिजियुस एक्का (IAS) को विशेष सचिव, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के पद पर पदस्थ करते हुए मिशन संचालक, जल जीवन मिशन का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। इसके अलावा रणबीर शर्मा (IAS) को समाज कल्याण संचालक के पद से अस्थायी रूप से गरियाबंद कलेक्टर बनाया गया है।

कलेक्टरों की भी बदली जिम्मेदारी

सरकार ने कई जिलों के कलेक्टरों की भी नई पदस्थापना की है। कुंदन कुमार (IAS) को मुंगेली से कांकेर कलेक्टर, अमृत विकास तोपनो (IAS) को सक्ती से मुंगेली कलेक्टर तथा जयश्री जैन (IAS) को सक्ती कलेक्टर के पद पर पदस्थ किया गया है। वहीं तुलिका प्रजापति (IAS) को मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी से कबीरधाम कलेक्टर बनाया गया है।

इसके अलावा भगवान सिंह उइके (IAS) को गरियाबंद कलेक्टर पद से संयुक्त सचिव, सामान्य प्रशासन विभाग की जिम्मेदारी दी गई है। गोपाल वर्मा (IAS) को कबीरधाम कलेक्टर से संयुक्त सचिव, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के पद पर पदस्थ किया गया है। गजेंद्र सिंह ठाकुर (IAS) को वर्तमान दायित्वों के साथ संचालक, समाज कल्याण का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।

वहीं तनुजा सलाम (IAS) को खेल एवं युवा कल्याण संचालक से मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी कलेक्टर बनाया गया है। लीना कोसम (IAS) को छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग के परीक्षा नियंत्रक पद से आयुक्त, नगर पालिक निगम दुर्ग के पद पर पदस्थ किया गया है।

आदेश में आकांक्षा शिक्षा खलखो (IAS) को उप सचिव, वाणिज्य एवं उद्योग तथा सार्वजनिक उपक्रम विभाग के पद पर पदस्थ करते हुए संचालक, खेल एवं युवा कल्याण का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। सौमिल रंजन चौबे (IAS) को प्रबंध संचालक, पर्यटन मंडल बनाया गया है। इसके साथ ही उन्हें वरिष्ठ वेतनमान के संवर्गीय पद के समकक्ष दर्जा दिए जाने का उल्लेख आदेश में है।

आदेश के अनुसार बीरेंद्र बहादुर पंचभाई (IAS) को अपर कलेक्टर नारायणपुर से अपर कलेक्टर बिलासपुर के पद पर पदस्थ किया गया है। वहीं विवेक आचार्य (IFS) की पर्यटन मंडल के प्रबंध संचालक पद की सेवाएं उनके पैतृक विभाग वन विभाग को तत्काल प्रभाव से वापस की गई हैं।

छत्तीसगढ़ शासन के सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी यह आदेश 18 अगस्त 2026 को जारी किया गया है।

Advertisements

You cannot copy content of this page