
राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ में महिला सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने के लिए राज्य सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयासों की व्यापक सराहना हो रही है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में संचालित योजनाओं का सकारात्मक प्रभाव अब जमीनी स्तर पर दिखाई देने लगा है।
हाल ही में सोशल मीडिया पर साझा एक वीडियो में प्रदेश भाजपा कार्यसमिति सदस्य पूर्णिमा साहू ने मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार की योजनाएं महिलाओं के जीवन में वास्तविक बदलाव ला रही हैं।
वीडियो में बताया गया कि केंद्र सरकार की प्रधानमंत्री मुद्रा योजना के माध्यम से महिलाओं को स्वरोजगार के नए अवसर मिल रहे हैं। इससे उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत हुई है और वे आत्मनिर्भर बन रही हैं।
इसके साथ ही राज्य में ‘महतारी सदन’ जैसी पहल को भी महिलाओं के लिए एक महत्वपूर्ण मंच बताया गया है। यह स्थान महिलाओं को संगठित होकर अपने मुद्दों पर चर्चा करने और भविष्य की योजनाएं बनाने का अवसर प्रदान कर रहा है, जिससे उनमें नया उत्साह देखने को मिल रहा है।
सरकार द्वारा कौशल विकास और प्रशिक्षण कार्यक्रमों पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इन योजनाओं के जरिए ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों की महिलाओं को विभिन्न क्षेत्रों में प्रशिक्षित कर उन्हें रोजगार और उद्यमिता से जोड़ा जा रहा है।
महिलाओं ने मुख्यमंत्री के ‘आत्मनिर्भर छत्तीसगढ़’ के संकल्प की सराहना करते हुए विश्वास जताया कि इन योजनाओं से आने वाले समय में प्रदेश की महिलाएं और अधिक सशक्त बनेंगी। वीडियो में महिला ने कहा कि सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयासों के लिए वे मुख्यमंत्री की अत्यंत आभारी हैं।










































