राजनांदगांव में कोचिंग संस्थानों की फायर सेफ्टी जांच, 12 सेंटरों का पुलिस ने किया निरीक्षण…

राजनांदगांव। विद्यार्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए राजनांदगांव पुलिस ने सोमवार को शहर के विभिन्न कोचिंग संस्थानों में फायर सेफ्टी एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं की सघन जांच की।

पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर के नेतृत्व में चले विशेष अभियान के दौरान कोतवाली, बसंतपुर और चिखली थाना क्षेत्र के करीब 12 कोचिंग संस्थानों का निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान पुलिस टीम ने संस्थानों में लगे अग्निशमन यंत्र, आपातकालीन निकास (इमरजेंसी एग्जिट), आपातकालीन खिड़कियां, विद्युत वायरिंग, विद्युत सुरक्षा उपकरण, सीढ़ियां और निकासी मार्ग सहित अन्य सुरक्षा मानकों की बारीकी से जांच की।

पुलिस अधिकारियों ने कोचिंग संचालकों को निर्देश दिए कि सभी संस्थानों में निर्धारित अग्नि सुरक्षा मानकों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित किया जाए।

साथ ही पर्याप्त संख्या में कार्यशील फायर एक्सटिंग्विशर, स्पष्ट निकासी मार्ग, सुरक्षित विद्युत व्यवस्था और आपातकालीन स्थिति में विद्यार्थियों को सुरक्षित बाहर निकालने की समुचित व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए।

अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यदि किसी संस्थान में सुरक्षा मानकों की अनदेखी या लापरवाही पाई गई तो संबंधित प्रावधानों के तहत वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

इस अभियान में थाना प्रभारी कोतवाली उपेंद्र शाह, थाना प्रभारी बसंतपुर एमन साहू सहित दोनों थानों और पुलिस लाइन के लगभग 25 पुलिस अधिकारी-कर्मचारी शामिल रहे। पुलिस ने बताया कि विद्यार्थियों और आमजन की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए ऐसे निरीक्षण अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।