
राजनांदगांव। अंतर्राज्यीय अवैध शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बागनदी पुलिस और साइबर थाना की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मध्यप्रदेश ले जाई जा रही 43 पेटी गोवा व्हिस्की अंग्रेजी शराब जब्त की है। पुलिस ने शराब तस्करी में प्रयुक्त लग्जरी विक्टोरियस कार समेत कुल 15 लाख 17 हजार 250 रुपये का मशरूका बरामद किया है। मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी डोंगरगढ़ केसरी नंदन नायक के पर्यवेक्षण में अवैध शराब के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है।
इसी दौरान थाना बागनदी पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक सफेद रंग की विक्टोरियस कार क्रमांक BL08 TB 7988 में बड़ी मात्रा में अवैध शराब मध्यप्रदेश ले जाई जा रही है।सूचना के आधार पर थाना प्रभारी नंदकिशोर गौतम के नेतृत्व में बागनदी पुलिस एवं साइबर थाना की टीम ने ग्राम बागनदी चौक में घेराबंदी कर नाकाबंदी शुरू की। बुधवार-गुरुवार की दरम्यानी रात करीब 2 बजे संदिग्ध वाहन को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक ने बैरिकेड्स तोड़ते हुए पुलिस की स्कॉर्पियो वाहन को टक्कर मार दी और तेज रफ्तार से भागने लगा।पुलिस टीम ने पीछा कर वाहन को घेर लिया। भागने के दौरान आरोपी वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में उतर गया, जिसके बाद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम करण केंवट (21 वर्ष), निवासी स्मृति नगर चौक भिलाई तथा किशन धीवर (25 वर्ष), निवासी जेवरा सिरसा जिला दुर्ग बताया।वाहन की तलाशी में 43 पेटी गोवा व्हिस्की अंग्रेजी शराब बरामद हुई। कुल 2150 नग यानी करीब 387 लीटर शराब की कीमत लगभग 2 लाख 90 हजार 250 रुपये आंकी गई है। वहीं तस्करी में प्रयुक्त लग्जरी कार की कीमत करीब 12 लाख रुपये बताई गई। कुल जब्त मशरूका 15 लाख 17 हजार 250 रुपये का है।पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2), 36 तथा बीएनएस की धारा 281, 132, 324(3), 324(4) और मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 184 के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि शराब जेवरा सिरसा निवासी गोलू सरदार उर्फ सवेन्दर सिंह के लिए ले जाई जा रही थी तथा आमगांव निवासी सोनू द्वारा उपलब्ध कराई गई थी। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।










































