राजनांदगांव: राहगीरों से गाली-गलौच और हंगामा करना पड़ा भारी, युवक गिरफ्तार…

राजनांदगांव। शहर में शांति व्यवस्था भंग कर हुड़दंग मचाने वाले एक आदतन आरोपी के खिलाफ सिटी कोतवाली पुलिस ने प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए उसे जेल भेज दिया है। पुलिस के अनुसार आरोपी का नाम सुधीर नायडु (20 वर्ष) निवासी अटल आवास वार्ड नंबर 6, चिखली है।


पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर तथा नगर पुलिस अधीक्षक अलेक्जेंडर किरों के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक उपेंद्र कुमार शाह के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।


जानकारी के अनुसार 27 मई को पुलिस को सूचना मिली थी कि गंज चौक के पास एक युवक राहगीरों से गाली-गलौच कर हुड़दंग मचा रहा है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह आक्रोशित होकर पुलिस से भी अभद्रता करने लगा तथा मारपीट पर उतारू हो गया।

इसके बाद पुलिस ने आरोपी को धारा 170 बीएनएसएस के तहत गिरफ्तार कर धारा 126 एवं 135(3) बीएनएसएस के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए कार्यपालिक मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।


पुलिस के मुताबिक आरोपी सुधीर नायडु के खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें मारपीट, धमकी, आर्म्स एक्ट सहित अन्य अपराध शामिल हैं।